
नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मोदी सरकार अब जीवन जीने का अधिकार भी खत्म करना चाहती है। खरगे ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि त्योहारों के बीच महंगाई जनता की कमाई निगल रही है और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से लोगों का जीवन कठिन हो गया है।
उन्होंने दावा किया कि खाद्य महंगाई दर 2.13 प्रतिशत से बढ़कर 7.74 प्रतिशत पहुंच गई है, घरेलू कर्ज 36.7 प्रतिशत बढ़ा है और घरेलू वित्तीय बचत में चार प्रतिशत की गिरावट आई है।
उन्होंने खुदरा महंगाई 5.54 प्रतिशत और थोक महंगाई 11.39 प्रतिशत बताई। खरगे ने भाजपा के पुराने नारे ‘बहुत हुई महंगाई की मार’ का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन जनता ने इसकी उम्मीद में 12 साल गंवा दिए।