Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाराष्ट्र में भाजपा के CM का रास्ता हुआ साफ, शिंदे ने डाले हथियार

November 28, 2024

महाराष्ट्र में भाजपा के CM का रास्ता हुआ साफ, शिंदे ने डाले हथियार

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा के अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बाद मोलभाव की स्थिति से वंचित रह गए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को अपने हथियार डालते हुए कहा कि उनके उत्तराधिकारी के नाम पर केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी जो भी निर्णय लेगी, वह उन्हें स्वीकार होगा। ठाणो स्थित अपने आवास पर एक पत्रकार सम्मेलन में उन्होंने कहा, ‘मैंने कल प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को फोन किया था और उनसे (मुख्यमंत्री पद पर) फैसला करने को कहा था। मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि वे जो भी निर्णय लेंगे, मैं उसका पालन करूंगा।’ इसके साथ ही महाराष्ट्र में भाजपा का मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया।

उन्होंने कहा, ‘हमारी शिवसेना महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री को नामित करने के भाजपा के फैसले का पूरा समर्थन करेगी। हमारी तरफ से कोई अडंगा नहीं है।’ शिंदे ने उन खबरों को भी खारिज कर दिया कि उनके नेतृत्व में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को शानदार जीत हासिल करने के बावजूद दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने से वह निराश हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें दूसरा कार्यकाल नहीं मिलने से वह निराश हैं, शिंदे ने कहा, ‘ऐसी कोई बात नहीं है। आपको याद होगा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री के रूप में मेरे कार्यकाल का समर्थन किया था।’
यह पूछे जाने पर कि नए मंत्रिमंडल में उपमुख्यमंत्री कौन होगा, शिंदे ने कहा, ‘अमित भाई (शाह) के साथ दिल्ली में वीरवार को बैठक है और उसमें सभी संबंधित निर्णय लिए जाएंगे।’ उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाली इस बैठक में अगली सरकार बनाने के तौर-तरीकों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें