Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रधानमंत्री आज काशी को देंगे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की सौगात

September 23, 2023

प्रधानमंत्री आज काशी को देंगे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की सौगात

वाराणसी: धानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। इस मौके पर मोदी काशी सहित उत्तर प्रदेश के 16 अटल आवासीय विद्यालयों का लोकार्पण भी करेंगे। वह महिलाओं के साथ ही खेल महोत्सव के विजेताओं से अलग-अलग संवाद करेंगे। इस मौके पर क्रिकेट के नामचीन खिलाड़ी भी मौजूद रहेंगे।प्रधानमंत्री शनिवार को प्रदेशवासियों को 1,565 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने बताया कि पीएम सबसे पहले गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में करीब पांच हज़ार से अधिक महिलाओं से संवाद भी करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीएम की अगवानी के साथ सभी कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे।

राजातालाब गंजारी पहुंचकर 450 करोड़ रुपये की लागत से 30 एकड़ में बनने वाले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखेंगे। इस दौरान 1983 क्रिकेट विश्वकप के विजेता खिलाड़ियों और अन्य नामचीन क्रिकेट के खिलाड़ी भी मौजूद रहेंगे। लगभग 30 हज़ार क्षमता वाले स्टेडियम की वास्तुशैली काशी और सनातन धर्म के अनुकूल होगी जिसमे भगवान शिव की महिमा दिखेगी। अर्धचंद्राकार छत, त्रिशूल के आकार की फ्लड-लाइट, घाट की सीढ़ियों पर आधारित बैठने की व्यवस्था, बिलिं्डग पर बिल्विपत्र के आकार की धातु की चादरों के डिजाइन विकसित किए गए हैं।

गंजारी में ही प्रधानमंत्री एक बड़ी जनसभा को सम्बोधित भी करेंगे। पीएम जनसभा में जनता के बीच से होते हुए मंच तक पहुंचेंगे।मोदी गांजरी से सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्विद्यालय पहुंचेंगे। नारी शक्ति वंदन विधेयक पास होने के बाद पहली बार वाराणसी पहुंच रहे पीएम का स्वागत करीब पांच हज़ार महिलाएं पुष्प वर्षा से करेंगी। प्रधानमंत्री इन महिलाओं से संवाद भी करेंगे।काशी क्षेत्र की बेटी बचाव बेटी पढ़ाओ की संयोजक सुष्मिता सेठ ने बताया कि पीएम का स्वागत डमरू वादन से होगा और महिलाएं शंखनाद से अभिनन्द करेंगी।

पीएम का अंतिम कार्यक्रम रुद्राक्ष अंतर्राष्ट्रीय कन्वेशन सेंटर में है। यहाँ वह लगभग 1115 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण श्रमिकों के बच्चों और कोविड-19 महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों के लिए बनाए गए 16 अटल आवासीय विद्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। परिसर में कक्षाएँ, खेल मैदान, मनोरंजक क्षेत्र, एक मिनी सभागार, छात्रवास परिसर, मेस और कर्मचारियों के लिए आवासीय फ्लैट हैं। इन आवासीय विद्यालयों में से प्रत्येक में लगभग 1000 छात्रों के रहने और पढ़ने की व्यवस्था होगी। मोदी रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेशन सेण्टर में काशी में क़रीब 20 दिनों तक आयोजित काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव कार्यक्रम में जनपद स्तर पर चुने गए प्रतिभागियों की प्रस्तुति देखेंगे और उनको सर्टफिकेट भी देंगे। इसमें 17 विधाओं में 37,000 लोगों ने भागीदारी की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें