Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

अब सड़कें बार-बार खोदने की समस्या होगी समाप्त; दिल्ली में बनेगा मल्टी-यूटिलिटी डक्ट सिस्टम

September 4, 2026

अब सड़कें बार-बार खोदने की समस्या होगी समाप्त; दिल्ली में बनेगा मल्टी-यूटिलिटी डक्ट सिस्टम

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने राजधानी के शहरी बुनियादी ढांचे को आधुनिक, सुरक्षित और भविष्योन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में जल्द ही मल्टी-यूटिलिटी डक्ट (एमयूडी) सिस्टम विकसित किया जाएगा, जिसके माध्यम से बिजली, पानी, गैस, फायर-हाइड्रेंट नेटवर्क और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए साझा भूमिगत कॉरिडोर तैयार किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था से अलग-अलग एजेंसियों द्वारा बार-बार सड़कों की खुदाई करने की समस्या में कमी आएगी।

इससे यातायात बाधित होने, नागरिकों को असुविधा होने और सड़कों की बार-बार मरम्मत की आवश्यकता भी कम होगी। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के विकास की योजना केवल वर्तमान जरूरतों तक सीमित नहीं है। सरकार ऐसी आधारभूत संरचना विकसित करना चाहती है, जो भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सुरक्षित, सुव्यवस्थित और टिकाऊ हो। साझा भूमिगत कॉरिडोर से विभिन्न यूटिलिटी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा रखरखाव और भविष्य में नेटवर्क विस्तार का काम भी आसान होगा।

इस परियोजना के लिए विशेषज्ञों की एक तकनीकी समिति गठित की जाएगी, जिसमें डिस्कॉम, दिल्ली जल बोर्ड और लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित एजेंसियों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। डक्ट की डिजाइन में वेंटिलेशन, अग्नि सुरक्षा, रखरखाव के लिए सुगम पहुंच और आपातकालीन प्रतिक्रिया जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को शामिल किया जाएगा। परियोजना की शुरुआत पायलट आधार पर चांदनी चौक क्षेत्र से की जाएगी।

एस्प्लेनेड रोड पर 310 मीटर और मोर सराय रोड पर 560 मीटर लंबे हिस्से में मल्टी-यूटिलिटी डक्ट विकसित करने का प्रस्ताव है। इन पायलट परियोजनाओं से मिले अनुभव के आधार पर भविष्य में दिल्ली के अन्य क्षेत्रों में इसका विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मल्टी-यूटिलिटी डक्ट दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित, मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे राजधानी में समन्वित भूमिगत यूटिलिटी प्लानिंग को बढ़ावा मिलेगा और दिल्ली भविष्य की शहरी जरूरतों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें