अंबाला। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने कैंट स्टेशन परिसर से एक अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बिहार के पूर्णिया के प्रकाश के तौर पर हुई है जो पिहोवा में एक किसान के खेतों में श्रमिक के तौर पर काम करता था।
बच्ची अस्पताल में भर्ती
प्रकाश शनिवार तड़के ही पिहोवा से अपने साथी श्रमिक की मासूम बच्ची को अगवाकर भागा था। इस संबंध में पिता की तरफ से शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस कार्रवाई में जीआरपी में तैनात होमगार्ड के जवानों ने मुख्य भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, वहीं बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अपहरणकर्ता बच्ची के चेहरे पर चोट और मारपीट के निशान मिले हैं। जीआरपी की सूचना के बाद पिहोवा पुलिस हरकत में आई।
बोला- शराब के नशे में हुई गलती
पिहोवा पुलिस की एक टीम अंबाला कैंट पहुंची और आरोपी को अपने साथ लेकर पिहोवा के लिए रवाना हो गई है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी प्रकाश ने अजीबोगरीब दावा किया है। उसका कहना है कि वह अत्यधिक शराब के नशे में था और उसी नशे की हालत में उससे यह गलती हो गई। दूसरी ओर पीड़ित बच्ची के पिता पवन ने आरोपी के दावों को खारिज करते हुए बताया कि आरोपी ने पहले उससे दोस्ती की। वह दोस्त बनकर उसे पिहोवा में काम दिलाने के बहाने ले गया था और मौका पाकर उसकी बच्ची को अगवा कर लिया।
पूछताछ में उगल दिया मामला : राजकुमार
इस संबंध में जीआरपी के कार्यकारी प्रभारी राजकुमार ने बताया कि कैंट स्टेशन पर एक बच्ची मिली थी जोकि रो रही थी। जब होमगार्ड के जवानों ने उससे पूछताछ की तो वो डर गई। बच्ची के साथ मौजूद व्यक्ति से जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरा मामला उगल दिया। मामले की सूचना तुरंत पिहोवा पुलिस को दी गई। आरोपी और बच्ची को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया है।
Also Read :

