Site icon Dainik Savera Times

ऐतिहासिक हूल क्रांति के नायकों सिदो-कान्हू की प्रतिमा तोड़ी, दो आरोपी पकड़े गए

रांची: साहिबगंज जिला अंतर्गत बोरियो थाना क्षेत्र के जिरुल गांव में ऐतिहासिक संथाल हूल क्रांति के नायकों सिदो-कान्हू की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने गांव के रहने वाले ठाकुर सोरेन और उसके पुत्र सोमाय सोरेन को मंगलवार की शाम प्रतिमा तोड़ते हुए रंगे हाथ पकड़ा और उन्हें बंधक बना लिया। बाद में पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि ठाकुर सोरेन अपने पूरे परिवार के साथ पहले बिहार में रह रहा था। एक साल पहले यह परिवार जिरुल गांव पहुंचा।

ठाकुर सोरेन और उसके परिजनों का दावा है कि सिदो-कान्हू की प्रतिमा उनकी जमीन पर अवैध रूप से स्थापित की गई है। जबकि, ग्रामीण उसके दावे को गलत ठहरा रहे हैं। बता दें कि सिदो-कान्हू अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ 1856 में हुई हूल क्रांति के अगुआ थे। इन दोनों को अंग्रेजी हुकूमत ने फांसी दी थी। झारखंड के संथाल परगना में लोग सिदो-कान्हू को भगवान की तरह पूजते हैं। उनकी प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने से लोगों में आक्रोश है। बोरियो थाना प्रभारी निरंजन कच्छप ने कहा है कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version