Site icon Dainik Savera Times

वह समय दूर नहीं जब भारत में पहली बुलेट ट्रेन दौड़ेगी : PM Modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देशभर से हाई स्पीड ट्रेनों की ‘बढ़ती’ मांग और अपनी सरकार के तहत रेल के क्षेत्र में हुए ‘ऐतिहासिक बदलाव’ को रेखांकित करते हुए कहा कि वह समय दूर नहीं जब भारत में पहली बुलेट ट्रेन दौड़ेगी। वीडियो कांफ्रैंस के माध्यम से नए जम्मू रेलवे डिवीजन के उद्घाटन सहित रेल से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद अपने संबोधन में मोदी ने यह भी कहा कि पिछले दशक में रेलवे में ‘ऐतिहासिक बदलाव’ हुए हैं।

इस दौरान मोदी ने तेलंगाना में चारलापल्ली नए टर्मिनल स्टेशन का भी उद्घाटन किया और पूर्वी तटीय रेलवे के रायगडा रेलवे डिवीजन भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने हाल ही में 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन के परीक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि 50 से अधिक मार्गो पर 136 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। पिछले कुछ दिनों में कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की शुरुआत किए जाने का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि भारत ने नए साल में संपर्क के मामले में भी तेज रफ्तार बनाए रखी है।

उन्होंने कहा, ‘मैंने रविवार को दिल्ली-एनसीआर में ‘नमो भारत’ ट्रेन का शानदार अनुभव लिया और दिल्ली मैट्रो की अहम परियोजनाओं की शुरुआत की। हमारे देश में अब मैट्रो नैटवर्क 1,000 किलोमीटर से ज्यादा का हो गया है।’ मोदी ने कहा कि बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण, यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करना, देश के सभी हिस्सों में संपर्क को बढ़ावा देना और रोजगार व उद्योग को समर्थन देना, रेल क्षेत्र में विकास के 4 मानकों पर सरकार काम कर रही है।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, जम्मू रेलवे डिवीजन के निर्माण से 742.1 किलोमीटर लंबे पठानकोट, जम्मू, उधमपुर, श्रीनगर, बारामूला, भोगपुर, सिरवाल और बटाला-पठानकोट तथा पठानकोट से जोगिन्दर नगर खंडों को महत्वपूर्ण लाभ होगा, जिससे लोगों की लंबे समय से लंबित आकांक्षा पूरी होगी और भारत के अन्य हिस्सों से संपर्क में सुधार होगा। इससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे, बुनियादी ढांचे का विकास होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के समग्र सामाजिक-आíथक विकास को बल मिलेगा।

ये भी देखें : MI vs CSK, IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स पहले करेगा बल्लेबाजी, मुंबई ने चुनी गेंदबाजी (देखें प्लेइंग 11)

Exit mobile version