नेशनल डेस्क: भारतीय रेलवे की नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन ने ट्रायल के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। कोटा से नागदा रेल सेक्शन पर इस ट्रेन ने 180 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़कर अपनी तकनीकी ताकत दिखाई है। खास बात यह रही कि इतनी तेज रफ्तार के बावजूद ट्रेन पूरी तरह संतुलित और स्थिर नजर आई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस हाई-स्पीड ट्रायल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए।
पानी से भरे गिलासों ने दिखाया दम
वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन के अंदर पानी से भरे गिलास एक के ऊपर एक रखे गए हैं। ट्रेन जब 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी, तब मोबाइल स्क्रीन पर स्पीड 182 तक दिखाई दे रही थी। इसके बावजूद गिलासों से एक भी बूंद पानी बाहर नहीं गिरी। इस प्रयोग को ‘वॉटर टेस्ट’ कहा जाता है, जो ट्रेन की स्थिरता और आधुनिक तकनीक को परखने का तरीका है। यह टेस्ट दिखाता है कि तेज गति में भी ट्रेन के अंदर झटके बेहद कम हैं।
ये भी पढ़ें: Pakistan News: इमरान खान के परिवार पर शिकंजा, बहन अलीमा खान को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सुरक्षा निगरानी में हुआ ट्रायल
यह पूरा ट्रायल रेलवे सेफ्टी कमिश्नर (CRS) की निगरानी में किया गया। रेल मंत्री ने अपने पोस्ट में बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का यह परीक्षण सफल रहा है और यह नई पीढ़ी की ट्रेन तकनीक का बेहतरीन उदाहरण है।
Vande Bharat Sleeper tested today by Commissioner Railway Safety. It ran at 180 kmph between Kota Nagda section. And our own water test demonstrated the technological features of this new generation train. pic.twitter.com/w0tE0Jcp2h
— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) December 30, 2025
रात की लंबी यात्रा के लिए तैयार
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को खास तौर पर लंबी दूरी की रात की यात्राओं के लिए तैयार किया जा रहा है। अभी देश में चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें सेमी-हाई स्पीड हैं, जिनकी अधिकतम संचालन गति 160 किमी प्रति घंटे तक सीमित रहती है। हालांकि, ट्रैक की स्थिति, स्टॉपेज और रखरखाव के कारण इन ट्रेनों की औसत रफ्तार इससे कम हो जाती है। लेकिन स्लीपर वर्जन को बेहतर आराम और तेज यात्रा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
यात्रियों को मिलेगा ज्यादा आराम
रेल मंत्रालय के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में आधुनिक सुविधाएं, बेहतर सस्पेंशन और आरामदायक स्लीपर कोच होंगे। इससे रात की यात्रा ज्यादा आरामदायक बनेगी और सफर का समय भी कम होगा। पहले इस ट्रेन को व्यस्त और लंबी दूरी वाले रूटों पर चलाया जाएगा। इसके बाद धीरे-धीरे इसे अन्य रूटों पर भी शुरू किया जाएगा। यह ट्रेन न केवल तेज होगी, बल्कि यात्रियों को बेहतर नींद और आराम भी देगी।
हाई-स्पीड रेल की ओर बड़ा कदम
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भारतीय रेलवे की भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा है। यह देश को आधुनिक और तेज रेल नेटवर्क की दिशा में आगे बढ़ा रही है। हाल के दिनों में वंदे भारत ट्रेनों के विस्तार से कई रूटों पर यात्रा पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो चुकी है। अब स्लीपर वर्जन के आने से लंबी दूरी की रात की यात्राओं में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
Video: Karnal में जबरदस्त धुंध का आलम, धुंध है या बूंदाबांदी