अंबाला। प्रदेश में बेमौसमी बारिश ने किसानों का मौसम बिगाड़ दिया है। बारिश की वजह से किसानों की फसल को नुकसान हो रहा है। आईएमडी और हिसार के चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार छह अप्रैल की रात से आठ अप्रैल तक मौसम तेजी से बदलेगा। (Weather Forecast)
सलाह : येलो अलर्ट का रखें ध्यान
राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक बढ़ सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग की ओर से एनसीआर इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। नागरिकों और किसानों से मौसम अलर्ट और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का अनुरोध भी किया गया है। (Weather Forecast)
परिवर्तनशील रहेगा मौसम
एनसीआर दिल्ली में मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं, आंधी-तूफान, हल्की बूंदाबांदी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि देखी गई थी। आज भी सिरसा और फतेहाबाद जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और सिरसा में दो-तीन स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियां दर्ज की गईं। (Weather Forecast)
रात को हल्की बारिश की उम्मीद
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन, नोडल अधिकारी, पर्यावरण क्लब, राजकीय महाविद्यालय, नारनौल ने बताया कि वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते आज रात कुछ स्थानों पर बिखराव वाली हल्की बारिश की संभावना है। रविवार को हरियाणा के उत्तरी जिलों में छिटपुट बूंदाबांदी होने की उम्मीद है। (Weather Forecast)
सात को होगा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
डॉ. चंद्रमोहन ने चेतावनी दी कि सात अप्रैल को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 7, 8 और 9 अप्रैल को गरज, बिजली और तेज हवाओं 40-50 किमी/घंटा, झोंकों में 60 किमी/घंटा तक) के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश और भारी बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तर मैदानी राज्यों में भी इस सिस्टम का असर दिखेगा। (Weather Forecast)
हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में बारिश सात से
पंजाब, हरियाणा एनसीआर दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सात और आठ अप्रैल के दौरान गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा एनसीआर दिल्ली में येलो अलर्ट जारी कर सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे ही यह मौसम प्रणाली आगे बढ़ेगी, उत्तरी हवाओं के प्रभाव से मैदानी राज्यों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे गर्मी में ठंड का अहसास होगा।
किसानों को सतर्क रहने की सलाह
किसानों को सलाह दी गई है कि वे चरम मौसम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपनी फसलों और उत्पादों को सुरक्षित रखें। मौसम आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़त देखी गई है। रात्रि का तापमान सामान्य से अधिक, जबकि दिन का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। नागरिकों और किसानों से अनुरोध है कि मौसम अलर्ट और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। (Weather Forecast)
Also Read : बड़ा फैसला : हरियाणा में अब 24 घंटे खुलेंगी मंडियां
Also Read : हरियाणा में आशियाने का सपना महंगा, कलेक्टर रेट लागू
Also Read : मौसम ले रहा करवट, बरतें सावधानी

