नेशनल डेस्क। भोजपुरी गायक और भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी के मुंबई स्थित घर में चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना में उनके घर से 5.40 लाख रुपये नकद चोरी हुए थे। पुलिस ने इस मामले में मनोज तिवारी के पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। यह चोरी मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके के शास्त्री नगर में स्थित मनोज तिवारी के फ्लैट में हुई। घर से बड़ी रकम गायब होने के बाद मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई।
मैनेजर ने दर्ज कराई पुलिस शिकायत
मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंद्र पांडे ने इस चोरी की शिकायत अंबोली पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। प्रमोद पांडे पिछले 20 वर्षों से मनोज तिवारी के साथ काम कर रहे हैं।
पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र शर्मा गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के बाद मनोज तिवारी के पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र कुमार दीनानाथ शर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपी को करीब दो साल पहले नौकरी से निकाल दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद वह चोरी की वारदात को अंजाम देता रहा।
नकली चाभियों से फ्लैट में घुसा आरोपी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने नकली (डुप्लीकेट) चाभियों का इस्तेमाल कर फ्लैट में प्रवेश किया। उसके पास घर, बेडरूम और आलमारी की चाभियां थीं, जिससे वह आसानी से अंदर घुस गया।
पहले भी हो चुकी थी 4.40 लाख रुपये की चोरी
शिकायत में बताया गया कि जून 2025 में आलमारी से 4.40 लाख रुपये गायब हो गए थे। उस समय चोरी करने वाले का पता नहीं चल पाया था, जिससे परिवार को शक हुआ। लगातार हो रही चोरी को देखते हुए दिसंबर 2025 में घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इसी फैसले से आरोपी का पर्दाफाश हो सका।
15 जनवरी को कैमरे में कैद हुआ आरोपी
15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे, सीसीटीवी फुटेज में पूर्व कर्मचारी को नकद पैसे चुराते हुए साफ देखा गया। इस बार उसने करीब 1 लाख रुपये चोरी किए।
सीसीटीवी फुटेज के बाद कबूला जुर्म
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
अंबोली पुलिस ने की गिरफ्तारी, जांच जारी
सूचना मिलते ही अंबोली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

