Site icon Dainik Savera Times

Investment Meet से कोई सकारात्मक परिणाम निकलने की नहीं है गारंटी : Kamal Nath

Kamal Nath

Kamal Nath

Kamal Nath : चार दिवसीय दौरे पर छिंदवाड़ा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मध्य प्रदेश इन्वेस्टर समिट को लेकर सवाल उठाए। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कमलनाथ ने कहा कि इन्वेस्टर समिट के दौरान बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन इसका कोई ठोस परिणाम नहीं निकलता। उन्होंने कहा, कि ‘यह सब विश्वास पर निर्भर करता है। अगर उद्योगपतियों का सरकार पर विश्वास होगा, तो वे निवेश करेंगे, लेकिन अगर विश्वास ही नहीं होगा, तो निवेश कैसे होगा?‘ कमलनाथ ने कहा कि इन्वेस्टर मीट से कोई सकारात्मक परिणाम निकलने की गारंटी नहीं है, क्योंकि निवेश के लिए पहले विश्वास का होना जरूरी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टर मीट का परिणाम तब ही सकारात्मक हो सकता है, जब उद्योगपतियों का सरकार पर विश्वास मजबूत हो। इससे पहले भी पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने कहा था कि भोपाल में होने वाला वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन लोगों के लिए बड़ी उम्मीद लेकर आया है।कमलनाथ ने कहा था कि लोगों को इस बात से ज्यादा मतलब है कि यह सम्मेलन उनके लिए नौकरियां लेकर आएगा या नहीं, न कि भाजपा सरकार के दिखाए आंकड़ों से।

उन्होंने यह भी याद दिलाया था कि 2019 में उनकी सरकार ने भी ऐसा ही एक निवेश सम्मेलन किया था। लेकिन, उनका कहना है कि पिछले सम्मेलनों से राज्य को ज्यादा फायदा नहीं हुआ, बस बड़े उद्योगपतियों और नेताओं की तस्वीरें खिंचकर रह गईं। कांग्रेस नेता ने चिंता जताते हुए कहा था कि मध्य प्रदेश में 33 लाख से ज्यादा युवा बेरोजगार हैं। इनमें कई ऐसे हैं, जिन्होंने बड़े-बड़े विश्वविद्यालयों से पढ़ाई की है। उनका कहना है कि सरकार को इन युवाओं के लिए रोजगार पर ध्यान देना चाहिए।

Exit mobile version