Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

गणतंत्र दिवस पर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत इन नेताओं ने दी देशवासियों को बधाई

January 26, 2024

गणतंत्र दिवस पर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत इन नेताओं ने दी देशवासियों को बधाई

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 75वें गणतंत्र दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं और बधाई दी है। श्री खड़गे ने कहा “सभी को 75वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बहुत-बहुत बधाई। भारत का संविधान, प्राचीन भारतीय सभ्यता में निहित सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक मूल्यों पर आधारित है।

न्याय, मर्यादा, समता और समभाव के हमारे मूल्य इसके मज़बूत स्तंभ हैं और यह आज़ादी के बाद हमारे सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक परिवर्तन के मानक भी बने। हमारे संविधान ने सभी नागरिकों को मौलिक अधिकार, सामाजिक न्याय और राजनीतिक अधिकार समान रूप से दिया लेकिन आज इन अधिकारों पर सरकार के द्वारा ही हमला हो रहा है।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने इस साल होने वाले आम चुनाव को महत्वपूर्ण बताया और कहा “वर्ष 2024 भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण वर्ष है। ये साल तय करेगा कि हम संविधान, लोकतंत्र और न्याय के मूल्यों को बचा पाएंगे या हम फिर उसी दौर में पहुंच जाएंगे जहां हर एक व्यक्ति समान नहीं होगा। उनके अधिकार समान नहीं होंगे। कांग्रेस पार्टी ने इन मूल्यों को बचाने के लिए और सामाजिक, आर्थिक तथा राजनीतिक न्याय को पुनः स्थापित करने का संकल्प लिया है।”

उन्होंने जनता के साथ न्याय करने की पांच बिंदु गिनती हुए कहा “न्याय के पांच स्तंभ-युवा न्याय,भागीदारी न्याय, नारी न्याय,किसान न्याय, श्रमिक न्याय, सभी को सशक्त करेंगे और सभी के अधिकारों की रक्षा करेंगे आइये, इस गणतंत्र दिवस पर आज मिलकर न्याय के इस मिशन से जुड़ने का प्रण लें। तभी हम अपने युवाओं का भविष्य सुरक्षित कर पायेंगे। इसी में संविधान की जीत होगी – इसी में भारत की जीत होगी। जय हिंद।”

श्री गांधी ने कहा “स्वतंत्रता आंदोलन के सपनों को एक सूत्र में पिरोने वाला हमारा महान संविधान भारतीय गणतंत्र की आत्मा है। संविधान के मूल सिद्धांतों की रक्षा और उनके प्रति निष्ठा ही अमर स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि है। सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। जय हिंद।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें