नेशनल डेस्क: नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही देश में कई ऐसे नियम लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और खर्चों पर पड़ने वाला है। इन बदलावों में गैस सिलेंडर की कीमतें, कारों के दाम, बैंकिंग और यूपीआई नियम, सिम वेरिफिकेशन, सरकारी योजनाएं और कर्मचारियों से जुड़ी अहम घोषणाएं शामिल हैं। कुछ फैसले जहां राहत देने वाले हैं। वहीं कई बदलावों से महंगाई का बोझ भी बढ़ा है।
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ महंगा
1 जनवरी 2026 से 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। दिल्ली में इसकी कीमत 111 रुपये बढ़कर अब 1691.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में यह सिलेंडर 1795 रुपये, चेन्नई में 1849.50 रुपये और मुंबई में 1642.50 रुपये में मिल रहा है। इस बढ़ोतरी से होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ने की संभावना है, जिसका असर ग्राहकों पर भी पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें: Petrol Diesel Price: नए साल पर पेट्रोल-डीजल हुआ सस्ता, इन शहरो में घटे दाम, जानें लेटेस्ट रेट
PNG गैस हुई सस्ती
जहां एलपीजी महंगा हुआ है, वहीं पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) इस्तेमाल करने वालों के लिए राहत की खबर आई है। इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने पीएनजी की कीमतों में प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर 70 पैसे की कटौती की है। इसके बाद दिल्ली में पीएनजी की नई कीमत 47.89 रुपये प्रति एससीएम हो गई है। इससे शहरी इलाकों में रहने वाले परिवारों को घरेलू बजट में कुछ राहत मिल सकती है।
नई कार खरीदना हुआ महंगा
नए साल के साथ कारों की कीमतों में भी इजाफा हो गया है। 1 जनवरी 2026 से कई ऑटो कंपनियों ने अपने वाहनों के दाम बढ़ा दिए हैं। बीएमडब्ल्यू, रेनॉल्ट और निसान जैसी कंपनियों ने कीमतों में 3,000 रुपये से लेकर 3 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है। वहीं होंडा और टाटा मोटर्स ने भी जल्द दाम बढ़ाने के संकेत दिए हैं। ऐसे में 2026 में नई कार खरीदने के लिए ग्राहकों को ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ सकता है।
यूपीआई, बैंकिंग और सिम नियम हुए सख्त
डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित बनाने के लिए यूपीआई और अन्य ऑनलाइन पेमेंट से जुड़े नियमों को और कड़ा किया गया है। 1 जनवरी 2026 से लागू इन नियमों का मकसद ऑनलाइन फ्रॉड को रोकना है। इसके साथ ही सिम कार्ड के वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी पहले से ज्यादा सख्त कर दी गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि एचडीएफसी बैंक, एसबीआई और पीएनबी समेत कई बैंकों ने लोन की ब्याज दरों में कटौती की है, जिससे होम लोन और पर्सनल लोन लेने वालों को फायदा मिल सकता है।
पीएम किसान योजना में हुए अहम बदलाव
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में भी नए साल से कुछ बदलाव लागू किए गए हैं। उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में अब योजना का लाभ लेने के लिए यूनिक किसान आईडी जरूरी कर दी गई है। इसके अलावा यदि किसानों की फसल को जंगली जानवर नुकसान पहुंचाते हैं और इसकी सूचना 72 घंटे के भीतर दी जाती है, तो अब उस नुकसान की भरपाई योजना के तहत की जा सकेगी।
आठवां वेतन आयोग हुआ लागू
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारियों के लिए 2026 की शुरुआत अहम रही है, क्योंकि सातवें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो गया था। इसके बाद 1 जनवरी 2026 से आठवां वेतन आयोग औपचारिक रूप से लागू कर दिया गया है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल इसका असर सिर्फ दस्तावेजी प्रक्रिया तक सीमित रहेगा। नई सैलरी, भत्ते और एरियर मिलने में अभी समय लग सकता है। सरकार की ओर से फिटमेंट फैक्टर और नई वेतन संरचना को लेकर अंतिम नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही कर्मचारियों को इसका वास्तविक लाभ मिलेगा।
ये भी पढ़ें: PM MODI ने देशवासियों को नए साल की दीं शुभकामनाएं, ‘समाज में शांति, खुशी के लिए की प्रार्थना’
क्या बदला आम आदमी के लिए?
1 जनवरी 2026 से लागू हुए ये सभी बदलाव कहीं राहत तो कहीं खर्च बढ़ाने वाले साबित हुए हैं। गैस और कारें महंगी हुई हैं। वहीं पीएनजी और लोन ब्याज दरों में राहत मिली है। ऐसे में नए साल में जरूरी हो गया है कि लोग इन नियमों को समझें और अपने खर्चों की योजना उसी हिसाब से बनाएं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...