भिवानी। शहर में पेयजल संकट गहरा गया है। कुछ इलाकों में दो दिन तो दूसरे क्षेत्रों पांच दिन से पेयजल नहीं मिल पा रहा है। इस वजह से यहां के लोग परेशान हैं। प्रदर्शन करने के बावजूद अधिकारियों के कान पर जूं नहीं रेंग रही।
दो सप्ताह के दौरान पानी के लिए कई इलाकों में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किए, जबकि कुछ स्थानों पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की गई। शहर के 31 वार्डों में पानी सप्लाई तीन बड़े जलघरों के माध्यम से की जाती है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था पानी की मांग को पूरा करने में नाकाम साबित हो रही है। भिवानी शहर के निनाण गांव, महम रोड वाटर वर्क्स और दिनोद रोड डाबर क्षेत्र के जलघरों से शहर में पानी की सप्लाई होती है।
इनमें मिताथल हेड से पानी मोटरों के जरिये पहुंचाया जाता है, लेकिन वर्षों पुरानी मोटरें और कमजोर पाइपलाइन व्यवस्था अब शहर की जरूरतों के अनुसार पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करा पा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार मिताथल हेड से जलघरों तक पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन की क्षमता कम होने के कारण जलघर पूरी तरह नहीं भर पा रहे हैं। पानी के लिए भिवानी कांग्रेस ने पब्लिक हेल्थ विभाग कार्यालय का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ने कहा कि सरकार और प्रशासन जनता तक पानी जैसी मूलभूत सुविधा पहुंचाने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। पानी की कमी के चलते लोगों को महंगे दामों पर टैंकर खरीदने पड़ रहे हैं, जबकि दैनिक कार्यों के लिए भी पानी की भारी किल्लत झेलनी पड़ रही है।
घेराव के बाद कांग्रेस नेताओं ने पब्लिक हेल्थ विभाग के एसई से फोन पर बात की, जिन्होंने जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। भिवानी निवासी पुनीत महता ने कहा कि शहर की कई कॉलोनियों में दो से पांच दिन बाद पानी आ रहा है। मजबूरी में लोगों को टैंकरों और सबमर्सिबल पर निर्भर होना पड़ रहा है। घरों में स्टोर किया गया पानी भी खत्म हो चुका है। वहीं, क्षेत्रवासी अंकित शर्मा, प्रीतम, दिनेश यादव और लक्ष्मी ने भी प्रशासन से जल्द नियमित सप्लाई बहाल करने की मांग की।
लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस बारे में पब्लिक हेल्थ विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा ने कहा कि भिवानी के दो मुख्य जलघरों में मिताथल हेड से पानी पहुंचता है। बीती रात वहां 400 क्यूसेक पानी पहुंचा है। अब जलघरों को भरकर सप्लाई शुरू की जाएगी और अगले एक-दो दिनों में व्यवस्था सुचारू होने की उम्मीद है। विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए है और पानी की आपूर्ति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सरकार ने मिताथल हेड से भिवानी तक नई पाइपलाइन बिछाने और पंपिंग सिस्टम अपग्रेड करने के लिए करोड़ों रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। फिलहाल शहर के दो बड़े जलघरों तक एक ही पाइपलाइन से पानी पहुंचता है। दबाव कम हो जाता है। नई योजना के तहत पाइपलाइन की क्षमता बढ़ाई जाएगी, जिससे कि भविष्य में पानी संकट से राहत मिल सके। हालांकि गर्मी बढ़ने के साथ लोगों की चिंता भी बढ़ती जा रही है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और विकराल हो सकती है।
Also Read :
Also Read :
Also Read :
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...