Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

अबकी बार चार सौ सीटों के साथ फिर बनेगी मोदी सरकार: शाह

February 20, 2024

अबकी बार चार सौ सीटों के साथ फिर बनेगी मोदी सरकार: शाह

उदयपुर: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस को परिवारवादी पार्टी होने के साथ एक दिशाविहीन पार्टी बताते हुए कहा है कि वह सत्ता के लिए देश का विभाजन करना चाहती है लेकिन मोदी सरकार के दस साल-भारत के गौरव, गरीब कल्याण और देश के उत्कर्ष के दस साल के कारण अबकी बार चार सौ सीटों के साथ देश में फिर मोदी सरकार बनेगी। शाह ने मंगलवार को यहां आयोजित “कार्यकर्ता सम्मेलन” में कार्यकर्ताओं एवं जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर यह आरोप लगाते हुए यह दावा किया।

उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के लिए, उसकी पार्टी के कार्यकर्ता सबसे महत्वपूर्ण अंग होते हैं और भाजपा के कार्यकर्ता देश के हर घर तक कमल पहुंचाने में सक्षम हैं। उन्होंने राजस्थान की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि वर्ष 2014 में राजस्थान की जनता ने प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें भाजपा की झोली में डाल दी थी। इसके बाद वर्ष 2019 में भी राजस्थान के लोगों ने सभी लोकसभा सीटों पर भाजपा को प्रचंड जीत दी। और अभी कुछ समय पहले राजस्थान विधानसभा चुनाव में भी श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा की सरकार का गठन हुआ है।

पूरे देश में राजस्थान प्रदेश भाजपा का संगठन सबसे अधिक मजबूत संगठन है। राजस्थान में श्री सुंदर सिंह भंडारी ने महर्षि दधीचि की तरह हड्डियां गलाकर, भारतीय जनता पार्टी की नींव डाली। दो दिन पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आह्वान करते हुए ‘अबकी बार, 400 पार’ का नारा दिया। 2024 में फिर एक बार, मोदी सरकार बनाने के लिए राजस्थान में 25 लोकसभा सीटों की जीत की हैट्रिक के साथ , हर सीट पर दोबारा कमल खिलाना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें