Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

काशी के बच्चों को नशेड़ी कहने वालों के होश ठिकाने पर नहीं : मोदी

February 23, 2024

काशी के बच्चों को नशेड़ी कहने वालों के होश ठिकाने पर नहीं : मोदी

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को इंडी समूह पर निशाना साधते हुये कहा कि जिनके अपने होश ठिकाने पर नहीं है, वो मेरी काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे हैं।

बनास काशी संकुल के उद्घाटन समारोह और पूर्वांचल के लिए 13 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरांत मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दशकों के भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण ने यूपी को पिछड़ा रखा। यूपी को बीमारू राज्य बनाया गया, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया। कांग्रेस के शाही परिवार का कहना है कि काशी के नौजवान नशेड़ी हैं। मोदी को गाली देते देते दो दशक बिता दिये, अब ये लोग यूपी के नौजवानों पर फ्रस्टेशन निकाल रहे हैं। जिनके अपने होश ठिकाने नहीं है वो मेरी काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे हैं।


प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को ललकारते हुए कहा कि काशी और यूपी का नौजवान विकसित यूपी बनाने में जुटा है। अपना समृद्ध भविष्य लिखने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा कर रहा है। यूपी के युवा कांग्रेस और इंडी गठबंधन द्वारा किया गया अपमान कभी नहीं भूलेंगे। मोदी ने कांग्रेस और सपा पर हमलावर रुख अख्तियार करते हुए कहा कि परिवारवादी हमेशा युवा शक्ति और टैलेंट से डरते हैं। उन्हें लगता है कि सामान्य युवा को अवसर मिला तो वह हर जगह चुनौती देगा। इन्हें वही पसंद आते हैं जो दिन रात इनकी जय जयकार करते रहें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इनके गुस्से और बौखलाहट का एक और कारण यह है कि इन्हें काशी और अयोध्या का नया स्वरूप पसंद नहीं आ रहा है। ये राममंदिर को लेकर कैसी कैसी बातों से हमला करते हैं। मुझे नहीं पता था कि कांग्रेस को प्रभु श्रीराम से इतनी नफरत है। ये अपने परिवार और वोट बैंक से बाहर कुछ सोच ही नहीं पाते। जब चुनाव आता है तो ये लोग साथ आते हैं। जब परिणाम नील बटा सन्नाटा होता है तो एक दूसरे को गाली देकर अलग हो जाते हैं।


मोदी ने भोजपुरी में इंडी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि ‘ई बनारस हव इहां सब गुरू ह, इहां इंडी गठबंधन क पैंतरा ना चली। बनारस नाहीं पूरे यूपी के पता हव कि माल वही है पैकिंग नई है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार तो इनको जमानत बचाने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें