Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bomb Threat : पंजाब नेशनल बैंक को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

April 17, 2025

Bomb Threat : पंजाब नेशनल बैंक को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

इंदौर। इंदौर में पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा को रिमोट कंट्रोल वाले बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस ने इस शाखा के परिसर की जांच की, लेकिन इसमें कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया, ‘‘हॉटमेल के एक ई-मेल खाते से सुबह छह बजकर 57 मिनट पर अंग्रेजी में संदेश भेजकर कहा गया कि एमजी रोड पर सियागंज क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में रिमोट कंट्रोल वाला विस्फोटक उपकरण लगाया गया है जिसके जरिये कभी भी धमाका हो सकता है।

संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को सेवानिवृत्त सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) बताया था।’’ उन्होंने बताया कि बैंक के स्थानीय अधिकारियों द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर बम निरोधक दस्ता भेजकर बैंक शाखा के परिसर की जांच कराई गई है।

दंडोतिया ने बताया, ‘‘अब तक की जांच के दौरान बैंक शाखा परिसर में किसी भी तरह की संदिग्ध चीज नहीं मिली है। फिलहाल शाखा में बैंक कर्मचारी रोज की तरह अपना काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने बताया कि बम विस्फोट की धमकी के मामले की तकनीकी जांच की जा रही है और बैंक शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दंडोतिया ने बताया कि इससे पहले भी शहर के हवाई अड्डे, अस्पतालों और विद्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी के झूठे ई-मेल आ चुके हैं और ऐसे एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें