Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Chhattisgarh: वेदांता पावर प्लांट में धमाका, 9 की मौत; CM साय बोले- दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

April 14, 2026

Chhattisgarh: वेदांता पावर प्लांट में धमाका, 9 की मौत; CM साय बोले- दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर को बॉयलर विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में नौ लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसी बीच राज्य के सीएम विष्णुदेव साय ने इस घटना पर दुख जताया है और शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है। वहीं, प्रशासन मौक पर मौजूद है और राहत व बचाव कार्य जारी है।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर का बयान 

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर विस्फोट होने के कारण नौ लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनका इलाज जारी है। बॉयलर फटने के बाद कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए और झुलस गए हैं। घटना में 9 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 20 मजदूर घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

जिंदल फोर्टिस हॉस्पिटल में 18 घायल मजदूरों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जबकि तीन घायलों को रायगढ़ के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया है। रायपुर में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह दुखद घटना है। पीड़ितों के प्रति हमारी संवेदना है। घटना की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं: मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सक्ती जिले में सिंघीतराई स्थित ‘वेदांता पावर प्लांट’ में बॉयलर फटने से हुई भीषण दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में कुछ श्रमिकों के निधन और घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन मौके पर मौजूद है, राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो। घटना की गहन और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

मेरा भतीजा काम पर गया था: मजदूर 

वहीं, एक मजदूर ने बताया कि मैं पावर प्लांट में काम करता हूं। मैं वहां नहीं था, मेरा भतीजा काम पर गया था। वह अस्पताल में भर्ती है। 3 बजकर 20 मिनट पर ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट के बाद घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए कोई सुविधा नहीं थी। मजदूर ने ठेकेदार और अधिकारियों पर भी इस घटना के बाद दूरी बनाने का आरोप लगाया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें