चंडीगढ़। शहर के महत्वपूर्ण इलाकों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलना बंद नहीं हो रहा है। इस बार सरकारी संस्थानों को निशाना बनाने का ईमेल मिला है। इस ईमेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं।
रेलयात्रा नहीं करने की भी चेतावनी
इस बार मेयर कार्यालय को धमकी भर ईमेल भेजे हैं। ईमेल में 3 से 5 जून के बीच नगर निगम, मेयर कार्यालय, अदालत और रेलवे स्टेशनों समेत कई सार्वजनिक संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी है। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी। मेयर कार्यालय को एक ईमेल मिला था। ईमेल में भड़काऊ और अलगाववादी भाषा का इस्तेमाल करते हुए निगम कार्यालयों, अदालतों और रेलवे स्टेशनों को निशाना बनाने की धमकी दी थी। संदेश में चेतावनी 3 से 5 जून तक के लिए दी थी। इसके साथ 6 जून को रेलवे स्टेशनों और रेल पटरियों पर ग्रेनेड हमले की बात भी कही है। लोगों को रेलयात्रा नहीं करने की चेतावनी दी है।
संदेश में किया 1984 का जिक्र
धमकी भरे संदेश में 1984 की घटनाओं का हवाला देते हुए गलत टिप्पणियां की हैं। ईमेल के अंत में खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताया है। जांच एजेंसियां ईमेल की सत्यता और भेजने वाले की पहचान की पुष्टि में जुटी हैं। चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों को निशाना बनाने वाली ऐसी धमकियों को किसी भी सूरत में हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों से पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल के स्रोत और तकनीकी विवरण खंगाल रही है। रेलवे स्टेशन, अदालत परिसर और नगर निगम भवन के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Also Read :

