Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

यूपी में मरीज के परिजनों से मारपीट के आरोप में तीन डॉक्टर निलंबित

October 24, 2023

यूपी में मरीज के परिजनों से मारपीट के आरोप में तीन डॉक्टर निलंबित

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के तीन जूनियर डॉक्टरों को इलाज के लिए अस्पताल लाए गए एक लड़के के रिश्तेदारों के साथ मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज किए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए मंगलवार को कॉलेज के प्राचार्य ने जांच कमेटी गठित कर दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना सोमवार रात की है, जब पांच साल के बच्चे कुणाल के हाथ में चोट लगने के बाद उसे अस्पताल लाया गया।

सर्कल अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा, यह आरोप लगाया गया है कि चार से पांच जूनियर डॉक्टरों ने लड़के के परिवार के सदस्यों की पिटाई की। शिकायत के अनुसार, बच्चा दर्द के कारण रो रहा था इसलिए रिश्तेदारों ने डॉक्टरों से उसे ‘उचित इलाज‘ देने के लिए कहा। पुलिस ने बताया कि इससे डॉक्टर नाराज हो गए और दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, इसके बाद महिलाओं सहित परिवार के सदस्यों की पिटाई की गई। उन्होंने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी डॉक्टर भाग गये। कुमार ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और अज्ञात डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें