Site icon Dainik Savera Times

Chhattisgarh के धमतरी जिले में ट्रैक्टर के पलटने से 3 स्कूली छात्रों की मौत, 1 घायल

Chhattisgarh

Chhattisgarh

धमतरी : Chhattisgarh के धमतरी जिले में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार तीन स्कूली छात्रों की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को जिले के कुरूद क्षेत्र के अंतर्गत चर्रा गांव के करीब ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार मोंगरा गांव निवासी प्रीतम चंद्राकर (16), मयंक ध्रुव (16) और चर्रा गांव निवासी होनेंद्र साहू (14) की मौत हो गई तथा बानगर गांव निवासी अर्जुन यादव घायल हो गया। उन्होंने बताया कि चारों लड़के स्कूल न जाकर प्रीतम के ट्रैक्टर में सवार होकर कुरूद गांव की ओर गए थे। ट्रैक्टर प्रीतम चला रहा था।

मामले की जांच की जा रही है

पुलिस ने कहा कि वापसी के दौरान जब वह चर्रा गांव के करीब पहुंचे तब एक तालाब के करीब ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में ट्रैक्टर में दबकर तीन लड़कों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण वहां पहुंचे तथा उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा तथा शवों और घायल को अस्पताल भेजा। घायल अर्जुन की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version