Site icon Dainik Savera Times

मुंबई में निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिर जाने से तीन श्रमिकों की मौत, एक की हालत गंभीर

मुंबई: मुंबई के बोरीवली में मंगलवार को एक निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा गिर जाने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर है अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना दोपहर करीब एक बजे सोनी वाडी इलाके में कल्पना चावला चौक पर हुई। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि निर्माणाधीन 24 मंजिला इमारत की 16वीं मंजिल पर स्थित मचान का कुछ हिस्सा गिर गया, जिससे चार श्रमिक घायल हो गए।

उन्हें कांदिवली स्थित शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से तीन श्रमिकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे पीड़ित की हालत गंभीर है। अधिकारी ने कहा कि हादसे की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग के कर्मी दो दमकल वाहनों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही नगर निगम के कर्मी और पुलिस अधिकारी भी वहां पहुंचे। घटना के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

Exit mobile version