Site icon Dainik Savera Times

वडोदरा के पास बुलेट ट्रेन रेलमार्ग पर काम कर रहे तीन मजदूर कंक्रीट स्लैब में फंसे, 2 मजदूरों की हुई मौत, एक गंभीर घायल

Ahmedabad: अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के दौरान हादसा हो गया. एक अंडर कंस्ट्रक्शन पुल ढह गया. कॉन्क्रीट के भारी मलबे में मजदूर फंस गए. दो मजदूर के शव बरामद किए गए. हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू शुरू किया गया. यह हादसा माही नदी के पास चल रहे बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में हुआ. घटना का वीडियो भी सामने आया है. नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने एक बयान में कहा कि माही नदी पर मंगलवार (5 नवंबर) की शाम तीन मजदूर कॉन्क्रीट ब्लॉक के बीच फंस गए. एक मजदूर को बचा लिया गया है, उसे अस्पताल में भर्ती किया गया। बता दें कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन गलियारे के लिए गुजरात में कुल 20 नदी पुल में से 12 का निर्माण पूरा हो गया चुका है. मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन गलियारा कुल 508 किलोमीटर लंबा है।

एनएचएसआरसीएल ने कहा कि गुजरात के नवसारी जिले में खरेरा नदी पर 120 मीटर लंबा पुल हाल में पूरा हुआ. इसके साथ ही 12 पुल का निर्माण पूरा हो गया है. बुलेट ट्रेन परियोजना में गुजरात का 352 किलोमीटर और महाराष्ट्र का 156 किलोमीटर हिस्सा शामिल है. इसमें मुंबई, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भड़ूच, वडोदरा, आणंद/नडियाद, अहमदाबाद और साबरमती जैसे कुल 12 स्टेशन की योजना है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद अहमदाबाद और मुंबई के बीच की दूरी महज तीन घंटे में पूरी हो जाएगी. अभी इस सफर में छह से आठ घंटे का समय लगता है. नवसारी जिले में खरेरा नदी पर पुल 29 अक्टूबर 2024 को पूरा हो गया है. मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के वापी और सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशनों (दक्षिण गुजरात में) के बीच नौ पुल हैं. खरेरा, अंबिका नदी की सहायक नदियों में से एक है. ये गुजरात और महाराष्ट्र के बॉर्डर इलाके में वांसदा तालुका की पहाड़ियों से निकलती है. यह नदी वापी बुलेट ट्रेन स्टेशन से लगभग 45 किलो मीटर और बिलिमोरा स्टेशन से 6 किलो मीटर की दूरी पर है।

Exit mobile version