Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

जंगल में मिले बाघों के शव, करंट लगने से मौत की आशंका

February 2, 2026

जंगल में मिले बाघों के शव, करंट लगने से मौत की आशंका

नेशनल डेस्क: शहडोल जिले के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र के मसिरा सर्किल में बाघ और बाघिन के शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। दोनों के शव एक-दूसरे से करीब 200 मीटर की दूरी पर पाए गए हैं, जिससे यह मामला बेहद गंभीर माना जा रहा है। शुरुआती जांच में दोनों की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। डॉग स्क्वाड और विशेष जांच दल को भी बुलाया गया है, ताकि हर पहलू से मामले की जांच की जा सके। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आसपास के खेतों में फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए अवैध रूप से बिजली का करंट फैलाया गया था। आशंका है कि इसी करंट की चपेट में आकर बाघ और बाघिन की जान चली गई। दोनों के शव मसिरा सर्किल के आरएफ 382 क्षेत्र के पास संदिग्ध हालत में मिले हैं।

बताया जा रहा है कि सबसे पहले रविवार रात को एक बाघ का शव मिलने की सूचना वन विभाग को मिली थी। सूचना के बाद वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसी दौरान सोमवार तड़के उसी क्षेत्र के आसपास एक बाघिन का शव भी मिला, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई। दोनों शव राजस्व क्षेत्र में पाए गए हैं।

वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं और पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल दोनों बाघों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस संबंध में डीएफओ तरुणा वर्मा ने बताया कि दो बाघों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। बिना रिपोर्ट के किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

वन विभाग की फील्ड टीमें पूरे इलाके में सघन सर्चिंग कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मामला करंट से जुड़ा है या किसी अन्य अवैध गतिविधि का परिणाम है। इस घटना के बाद वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। वन विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें