Site icon Dainik Savera Times

आंबेडकर पर शाह की टिप्पणी के खिलाफ TMC ने कोलकाता सहित कई जिलों में प्रदर्शन किया

पश्चिम बंगाल : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बी.आर.आंबेडकर पर हाल में की गई टिप्पणियों के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस ने कोलकाता और राज्य के अन्य जिलों में सोमवार को रैलियां निकालीं और उनके बयान की निंदा की। पश्चिम बंगाल के सत्तारूढ़ दल ने अपराह्न् दो से तीन बजे के बीच ब्लाक और वार्ड स्तर पर यह रैलियां निकलीं और कई मंत्री एंव पार्टी के नेता इसमें शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथ में झंडे और पोस्टर ले रखे थे। उन्होंने गृह मंत्री के खिलाफ नारे लगाए।

राज्यसभा में पिछले सप्ताह संविधान पर चर्चा के दौरान अमित शाह ने कहा था,‘‘अभी एक फैशन हो गया है-आंबेडकर, आंबेडकर..। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।’’ विपक्षी दलों ने शाह की इस टिप्पणी की आलोचना की। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने शाह के इस बयान को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘‘जातिवादी और दलित विरोधी मानसिकता’’ को दिखाना करार दिया।

बनर्जी ने शाह के बयान को अपमानजनक करार देते हुए दावा कि यह उन लाखों लोगों का अपमान करना है, जो आंबेडकर को अपना मार्गदर्शक और प्रेरणा मानते हैं। इसके साथ, उन्होंने लोगों से इसके खिलाफ प्रदर्शन करने का भी आह्वान किया। इस बीच, तृणमूल नेता कुणाल घोष ने एक रैली के दौरान कहा कि पार्टी पड़ोसी देश बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों की निंदा करती है।

घोष ने आरोप लगाया, ‘‘एक राज्य के तौर पर हम कुछ नहीं कर सकते। केंद्र सरकार को आवशय़क कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन हम यह देख रहे हैं कि वे हिंसा को रोकने के लिए कोई खास कदम नहीं उठा रहे हैं बल्कि वे राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे का लाभ उठाना चाहते हैं।’’

Exit mobile version