Today weather 1 April 2026: उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर अप्रत्याशित करवट ली है, जिससे जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत करीब 19 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को अचानक मौसम बदल गया। दिन में ही आसमान पर काले बादल छा गए, हल्की बारिश हुई और कई इलाकों में बिजली कड़कने की घटनाएं सामने आईं। दोपहर के समय दृश्यता इतनी कम हो गई कि वाहन चालकों को हेडलाइट जलानी पड़ी।
ये भी पढ़ें- इन 3 राशियों के लिए आज का दिन शुभ, मनचाही सफलता के साथ-साथ तरक्की के रास्ते खुलेंगे
पंजाब में ओलावृष्टि, बढ़ी चिंता
पंजाब के कई हिस्सों में बारिश के साथ ओले भी गिरे, जिससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका और बढ़ गई है। स्थानीय किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग उठानी शुरू कर दी है।
कश्मीर में बारिश-बर्फबारी से हालात प्रभावित
कश्मीर में लगातार बारिश और बर्फबारी के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह और बांदीपोरा-गुरेज मार्ग लगातार तीसरे दिन भी बंद रहे। गुरेज घाटी में हिमस्खलन की घटना भी सामने आई, हालांकि किसी नुकसान की सूचना नहीं है।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 1 अप्रैल 2026
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी, रास्ते आंशिक बहाल
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों केलंग, गोंदला और रोहतांग दर्रे में हल्का हिमपात दर्ज किया गया। बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) ने शिंकुला दर्रे को फिर से खोल दिया है, जिससे लगभग तीन सप्ताह बाद जंस्कार घाटी का संपर्क मनाली से बहाल हुआ है। हालांकि फिलहाल इस मार्ग पर केवल फोर-बाय-फोर वाहनों की आवाजाही ही संभव है।
रबी फसलों पर संकट के बादल
इस बेमौसम बारिश का सबसे ज्यादा असर रबी की फसलों पर पड़ रहा है। गेहूं और सरसों की फसलें इस समय कटाई के लिए तैयार खड़ी हैं, लेकिन तेज हवाओं और बारिश ने उन्हें खेतों में गिरा दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे फसल की गुणवत्ता पर असर पड़ेगा और उसमें फफूंद लगने का खतरा भी बढ़ जाएगा। यदि मौसम जल्द नहीं सुधरा, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।

