Today weather 10 Aug 2026: देश के कई राज्यों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मध्य भारत के अलावा पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। खास तौर पर पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले दो दिन मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेंगे।
13 अगस्त के आसपास बन सकता है नया कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार, 13 अगस्त के आसपास उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के आसपास के तटीय क्षेत्रों में कम दबाव का नया क्षेत्र विकसित हो सकता है। इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इस सिस्टम के सक्रिय होने के बाद इन राज्यों में एक बार फिर भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें- Today’s horoscope 10 Aug 2026: क्या कह रहे हैं आज आपके सितारे? पढ़ें 12 राशियों के लिए शुभ-अशुभ संकेत
दिल्ली-NCR में हल्की बारिश
दिल्ली-NCR में फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राजधानी और आसपास के इलाकों में हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, 10-11 अगस्त और फिर 13 अगस्त को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश के आसार हैं।
उत्तर भारत में 15 अगस्त तक बारिश का दौर
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 15 अगस्त तक कई जगह बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। 10 अगस्त को उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 10-11 अगस्त के दौरान तेज बारिश की संभावना है। पंजाब में 10-11 और 13-14 अगस्त को बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13-14 अगस्त के दौरान कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है।
मध्य भारत में अगले दो दिन भारी
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन बारिश के लिहाज से अहम बताए जा रहे हैं। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के साथ विदर्भ में 11 अगस्त तक कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 10 अगस्त के अलावा 13 से 15 अगस्त के बीच भी बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें- Today Hukamnama 10 Aug 2026: हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी
बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा में फिर बढ़ेगा बारिश का जोर
पश्चिम बंगाल और झारखंड में 15 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। ओडिशा में 10 अगस्त के बाद 13 से 15 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं बिहार में 13 से 15 अगस्त के दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बनने वाला संभावित कम दबाव का क्षेत्र इन राज्यों में बारिश को और सक्रिय कर सकता है।
पूर्वोत्तर में भी मानसून सक्रिय
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून का असर बना रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में बारिश जारी रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम और नागालैंड के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।
दक्षिण में भी बारिश
दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में 15 अगस्त तक बारिश जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

