Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

Today weather 17 June 2026: दिल्ली से यूपी तक आंधी और बारिश का अलर्ट, जानें पंजाब-हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम

June 17, 2026

Today weather 17 June 2026: दिल्ली से यूपी तक आंधी और बारिश का अलर्ट, जानें पंजाब-हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम

Today weather 17 June 2026: देशभर में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग की ओर से आने वाले 24 से 72 घंटे मौसम के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता और उत्तर भारत में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से कई राज्यों में मौसम अचानक करवट बदल सकता है। इसके चलते भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-NCR में राहत
दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं राजधानी में चल सकती हैं। नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

उत्तर प्रदेश में तेज आंधी
पश्चिमी यूपी और राज्य के मध्य हिस्सों में मौसम की सक्रियता अधिक देखने को मिल सकती है। वाराणसी, अलीगढ़, मथुरा,मेरठ, आगरा, कानपुर, झांसी और प्रयागराज सहित कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

ये भी पढ़ें- Today horoscope 17 June 2026: वृषभ राशि वालों को धनलाभ तो सिंह राशि के बनते कार्यों में आएंगी रुकावटें, पढ़ें राशिफल

 

पंजाब-हरियाणा में तेज हवाओं का खतरा
पंजाब के जालंधर, अमृतसर, पटियाला, बठिंडा और गुरदासपुर में भारी बारिश और तेज आंधी का अनुमान है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की संभावना है। बात हरियाणा की करें तो के अंबाला, करनाल, हिसार, रोहतक और पंचकूला में भी मौसम खराब रह सकता है।

पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका
उत्तराखंड के देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में लगातार बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और किन्नौर में भी खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और तूफानी गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

बिहार और झारखंड में बिजली गिरने का खतरा
बिहार में 17 से 19 जून के बीच मौसम काफी सक्रिय रह सकता है। पटना, कटिहार, अररिया, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर और मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में भारी वर्षा के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। वहीं झारखंड के रांची, देवघर, दुमका, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो जैसे क्षेत्रों में भी तेज बारिश और हवाओं की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Today Hukamnama 17 June 2026: हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी

राजस्थान और मध्य प्रदेश में बदलेगा मौसम
राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और अलवर में बारिश के साथ धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, रीवा, इंदौर, उज्जैन, सतना और कटनी सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय
असम, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की संभावना है। वहीं दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और तिरुवनंतपुरम सहित कई शहरों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें