Today weather 21 May 2026: उत्तर भारत इन दिनों झुलसा देने वाली भीषण गर्मी की चपेट में है। तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों का हाल बेहाल है। दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में बढ़ते तापमान से लगातार नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। दोपहर के समय सड़कें सुनसान दिखाई दे रही हैं, जबकि रात में भी गर्म हवाओं से लोगों को राहत नहीं मिल रही। इसी भीषण गर्मी के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ताजा भविष्यवाणी ने राहत की उम्मीद जगाई है।
IMD के अनुसार अगले 72 घंटों के बाद देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। करीब 13 राज्यों में तेज बारिश, धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
दिल्ली-NCR में रेड अलर्ट
राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के क्षेत्र में गर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। मौसम विभाग ने 21 से 26 मई तक हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि 22 मई की रात के बाद कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- Today rashifal 21 May 2026: सिंह और धनु राशि वालों के लिए आज का दिन बेहद शुभ! जानें अन्य राशियों का हाल
उत्तर प्रदेश में लू का कहर
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भीषण गर्मी के कारण बांदा देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है। यहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, झांसी, नोएडा और आगरा में भी लू का असर जारी है।
बिहार और झारखंड में मौसम का अचानक बदलाव
एक ओर जहां उत्तर भारत भीषण गर्मी से जूझ रहा है, वहीं बिहार और झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। इसी तरह झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान और मध्यप्रदेश में गर्म रातों ने बढ़ाई मुश्किलें
राजस्थान के कई इलाकों में भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। कई शहरों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। मध्यप्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, रीवा और छतरपुर में दिन के साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं।
पंजाब-हरियाणा में भी हालात गंभीर
पंजाब और हरियाणा भी इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं। चंडीगढ़, हिसार, भिवानी और पटियाला में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। यहां 22 मई के बाद मौसम बदलने की संभावना जताई गई है।
ये भी पढ़ें- US Navy new operation: इस देश में हमले के लिए ट्रंप ने उतारे युद्धपोत, कहा- एडमिनिस्ट्रेशन के ‘दिमाग में…
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
जहां एक ओर मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों में तूफान का खतरा
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और सिक्किम में भारी बारिश और तेज तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दक्षिण भारत में मानसून की दस्तक तेज
दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से बढ़ने लगी हैं। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मानसून 26 मई तक केरल पहुंच सकता है। यदि इसकी रफ्तार इसी तरह बनी रही, तो इस बार मानसून समय से पहले देश में दस्तक दे सकता है।

