Today Weather 25 May 2026: देशभर में भीषण गर्मी ने लोगों का जीवन मुश्किल कर दिया है। उत्तर से लेकर मध्य भारत तक कई राज्यों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में दोपहर के समय सड़कें सूनी दिखाई दे रही हैं। लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। गर्म हवाओं के साथ अब रातें भी बेचैन करने लगी हैं।
इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने लोगों को राहत देने वाली खबर दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है और अरब सागर, बंगाल की खाड़ी तथा अंडमान क्षेत्र में इसकी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अगले दो से तीन दिनों में मानसून दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में दस्तक दे सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई से जम्मू-कश्मीर के ऊपर सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित करेगा। इसके असर से महीने के आखिर तक कई राज्यों में तापमान में 3 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। हालांकि फिलहाल अगले कुछ दिन लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें- Petrol Diesel Price Hike: 11 दिनों में चौथी बार बढ़े ‘पेट्रोल-डीजल’ के दाम, कीमतों में 2.71 रुपये तक का उछाल
दिल्ली में बढ़ेगा रात का तापमान
दिल्ली में 25 मई को गर्मी अपने चरम पर रहने का अनुमान है। राजधानी में 25 से 27 मई के बीच तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिन के साथ रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा। हालांकि 28 मई के बाद मौसम बदलने की उम्मीद है। तेज हवाएं और हल्की बारिश के कारण दिल्लीवासियों को कुछ राहत मिल सकती है।
इस दिन बदलेगा यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का दोहरा रूप देखने को मिलेगा। पूर्वी यूपी के कई जिलों में तेज लू चलने की संभावना है। वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर जैसे शहरों में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं 28 और 29 मई को कई इलाकों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी है।
पूर्वोत्तर राज्यों में आंधी-बारिश
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले दो दिनों तक भारी बारिश जारी रह सकती है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना बनी हुई है।
ये भी पढ़ें- Today’s Horoscope 25 May 2026: मेष और कुंभ राशि के लिए आज का दिन तनाव भरा! जानें अन्य राशियों का हाल
दक्षिण में मानसून की आहट
दक्षिण भारत में मानसून की आहट साफ महसूस की जा रही है। केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज हो गई हैं। तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में लू
राजस्थान में गर्मी का प्रकोप फिलहाल जारी रहने वाला है। बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर जैसे शहरों में तापमान 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी अगले कुछ दिन लू का असर बना रहेगा।

