Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

यूपी-बिहार में आंधी के साथ बारिश कि चेतावनी, हिमाचल में फ़्लैश फ्लड का अलर्ट जारी

July 30, 2025

यूपी-बिहार में आंधी के साथ बारिश कि चेतावनी, हिमाचल में फ़्लैश फ्लड का अलर्ट जारी

Today Weather 30 July 2025 : देश के कई राज्यों में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है और इससे जन-जीवन पर गहरा असर पड़ा है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और अन्य हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिसके चलते कहीं राहत तो कहीं आफत जैसे हालात बन गए हैं।

दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, उमस से राहत
राजधानी दिल्ली में लगातार दूसरे दिन बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। आनंद विहार, लक्ष्मीनगर, पीतमपुरा, रोहिणी, दक्षिणी और उत्तरी दिल्ली समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, जुलाई में अब तक 220.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से अधिक है। आज अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 27°C रहने का अनुमान है। बारिश ने दिल्लीवासियों को उमस से राहत दी है, हालांकि कई इलाकों में ट्रैफिक और जलभराव की समस्या भी देखने को मिल रही है।

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने का खतरा
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। झांसी, ललितपुर, आगरा, कानपुर, बरेली, बिजनौर और अलीगढ़ जैसे जिलों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। सोमवार शाम से शुरू हुई बारिश के कारण पूर्वी यूपी में जलभराव की स्थिति बन गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में फसलें प्रभावित हो रही हैं, वहीं शहरों में सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं।

बिहार, उत्तराखंड और मध्य भारत की नदियां उफान पर
बिहार, उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रमुख नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा, घाघरा और कोसी समेत कई नदियों में जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। बिहार के कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिससे प्रशासन ने एहतियातन अलर्ट जारी किया है और राहत टीमों को तैनात किया गया है।

अन्य राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी-
देश के अन्य हिस्सों में भी मॉनसून का असर तेज हो गया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, मुंबई, कोलकाता, मध्यप्रदेश और झारखंड में आज के लिए भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बारिश से ट्रैफिक बाधित हुआ है और जलभराव की शिकायतें सामने आई हैं। मुंबई में लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ा है, जबकि कोलकाता में निचले इलाकों में पानी भर गया है।

मौसम विभाग की सलाह
IMD ने अगले 48 घंटों तक उत्तर भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली चमकते समय खुले स्थानों से दूर रहें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें