Site icon Dainik Savera Times

Today weather 4 Sept 2026: इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, दिल्ली-यूपी समेत कई इलाकों में अलर्ट जारी

Today weather 4 Sept 2026: देश के बड़े हिस्से में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ रहने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत 14 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी मध्य प्रदेश में बना कम दबाव का क्षेत्र आज देश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में बारिश की गतिविधियों को बढ़ा सकता है।

कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है, जिसका असर मध्य प्रदेश से लगे उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों के अलावा मध्य और उत्तर भारत के कई इलाकों में देखने को मिलेगा।

दिल्ली-NCR समेत मैदानी राज्यों में बारिश का जोर
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी शुक्रवार को मौसम सक्रिय रहेगा। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह से ही तेज बारिश की स्थिति बन सकती है। लगातार या अत्यधिक बारिश वाले क्षेत्रों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा भी पैदा हो सकता है।

पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश की आशंका
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी मौसम पूरी तरह शांत रहने वाला नहीं है। इन पहाड़ी क्षेत्रों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।

पूर्वोत्तर में बारिश के साथ आंधी-बिजली का खतरा
पूर्वोत्तर भारत में भी शुक्रवार को मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है।

पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

पश्चिमी भारत में कहां होगी ज्यादा बारिश?
पश्चिमी भारत की बात करें तो कोंकण और गोवा में व्यापक और लगातार बारिश होने की संभावना है। इसके मुकाबले गुजरात, महाराष्ट्र तथा सौराष्ट्र-कच्छ में बारिश मुख्यतः छिटपुट रहने का अनुमान है।

 

Exit mobile version