Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

11 राज्यों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट, भारी बारिश और आंधी-तूफान के साथ-साथ हो सकती है बर्फबारी

April 8, 2026

11 राज्यों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट, भारी बारिश और आंधी-तूफान के साथ-साथ हो सकती है बर्फबारी

Today Weather 8 April 2026: अप्रैल का दूसरा हफ्ता शुरू हो चुका है, लेकिन मौसम में उठा-पटक अभी भी जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान का दौर जारी है। इसका असर तापमान पर भी साफ दिख रहा है, जहां दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है।

मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित करीब 11 राज्यों में खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 8 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। 9 अप्रैल को हल्के बादल बने रहेंगे, जबकि 10 और 11 अप्रैल से मौसम साफ होने लगेगा। इसके बाद तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

ये भी पढ़ें- आज का राशिफल: इन 2 राशियों के लिए चिंता भरा दिन! धन हानि के साथ मानसिक अशांति का करना पड़ सकता है सामना

 

राजस्थान और मध्य भारत में भी असर
राजस्थान के कई शहरों जोधपुर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर और कोटा में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर 30 से 50 मिमी तक वर्षा हो सकती है। 9 अप्रैल के बाद यहां मौसम शुष्क होने लगेगा।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर, भिंड और मुरैना जैसे जिलों में आंधी, बिजली और ओलावृष्टि का अलर्ट है। मौसम विभाग का कहना है कि 11 अप्रैल के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर से मौसम में बदलाव ला सकता है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई जिलों आगरा, लखनऊ, कानपुर और बरेली में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं बिहार के पटना, गया और मुजफ्फरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां हवा की गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

ये भी पढ़ें- अमेरिका और ईरान में हुआ सीजफायर, 2 हफ्तों के लिए रुकी जंग, खुलेगा होर्मुज जलडमरूमध्य

 

पहाड़ी राज्यों में बढ़ा खतरा
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के चलते भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड के देहरादून और नैनीताल में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

अन्य राज्यों का हाल
हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। वहीं महाराष्ट्र और गुजरात में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण भारत में चेन्नई और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होने से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि आने वाले दिनों में तापमान फिर बढ़ सकता है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें