Site icon Dainik Savera Times

Today Weather : दिल्ली सहित इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

Today Weather Update : देश के कई राज्यों में इन दिनों भारी बारिश और खराब मौसम ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग (IMD) ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ में खराब मौसम को देखते हुए सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली-एनसीआर में 16 अगस्त तक भारी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। तेलंगाना में 13 और 14 अगस्त को अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

जम्मू-कश्मीर में अलर्ट
आईएमडी ने जम्मू और कश्मीर में 13 से 18 अगस्त के बीच कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग ने यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी और भूस्खलन-प्रवण क्षेत्रों में।

ऋषिकेश-नीलकंठ मार्ग पर भूस्खलन
ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र में बुधवार को घट्टू घाट के पास हुए भूस्खलन में दो लोग लापता हो गए, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। लापता व्यक्तियों की पहचान उत्तराखंड के मंगलौर निवासी मुशीर और उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी अजीत पाल के रूप में हुई है। दोनों की तलाश मलबे और गंगा नदी में जारी है। घायल ट्रक चालक और परिचालक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

हिमाचल प्रदेश में 325 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और बाढ़ की घटनाओं के बाद हालात गंभीर हैं। शिमला और लाहौल-स्पीति में कई पुल बह गए हैं, जबकि दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 325 सड़कें बंद करनी पड़ी हैं। गानवी घाटी में बाढ़ से एक पुलिस चौकी बह गई और शिमला में बस स्टैंड व आसपास की दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी है, जबकि शुक्रवार से रविवार तक कई जिलों में ‘येलो अलर्ट’ रहेगा।

तेलंगाना में फ्लाइटें रद्द
तेलंगाना में खराब मौसम के चलते हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कई उड़ानें रद्द या डायवर्ट की गईं। इंडिगो की कोच्चि, चेन्नई, पटना और अहमदाबाद की उड़ानें प्रभावित हुई हैं। 11 विमानों को दूसरे एयरपोर्ट भेजा गया, जिनमें से सात शाम तक लौट आए। राज्य के कई जिलों, जिसमें हैदराबाद भी शामिल है, में ‘रेड’ और ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी है।

Exit mobile version