Site icon Dainik Savera Times

Today Weather : देशभर में मॉनसून का कहर… कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए ताजा अपडेट

Today Weather : देश के कई हिस्सों में इस समय मॉनसून पूरी रफ्तार पर है और लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड और बादल फटने जैसी घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। वहीं, मैदानी राज्यों में नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को भी कई राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों के पहाड़ी जिलों में लैंडस्लाइड और सड़कें बंद होने की स्थिति बन सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में घने बादल और बारिश का अनुमान

दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह से ही आसमान पर काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार से लेकर मंगलवार तक यहां कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। सुबह के समय राजधानी के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी देखने को मिली, जबकि दोपहर और शाम के समय बारिश तेज हो सकती है।

यूपी में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में भी बारिश ने दस्तक दे दी है। स्थानीय मौसम विभाग ने रविवार से मंगलवार तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अंदेशा जताया गया है।

हरियाणा के 13 जिलों में भारी बारिश

हरियाणा में रविवार को 13 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इनमें रोहतक, करनाल, हिसार और गुरुग्राम जैसे बड़े जिले शामिल हैं। विभाग का कहना है कि इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश से जलभराव की स्थिति बन सकती है।

बिहार में वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट

बिहार के कई जिलों में भी रविवार को भारी बारिश का अनुमान है। सहरसा, सुपौल, मधेपुरा और भोजपुर जैसे जिलों में लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है। मौसम विभाग ने यहां वज्रपात और तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया है।

महाराष्ट्र में मुंबई से पुणे तक बारिश का असर

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विभाग ने आज मुंबई, नागपुर, पुणे, मराठवाड़ा, विदर्भ और कोंकण क्षेत्रों में भी बारिश का अनुमान जताया है।

सावधानी बरतने की अपील

मौसम विभाग ने जिन इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है, वहां लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। खासकर निचले इलाकों और नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है।

Exit mobile version