Site icon Dainik Savera Times

Today Weather news: उत्तराखंड सहित इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

Today Weather news: भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं, जबकि अन्य राज्यों के लिए येलो अलर्ट लागू किया गया है। विभाग के अनुसार कर्नाटक के तटीय जिलों और महाराष्ट्र के मध्य क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है। उत्तराखंड में गुरुवार और शुक्रवार को बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है, जिसको लेकर प्रशासन सतर्क है। हाल ही में उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से तबाही की घटनाएं सामने आई हैं।

राजधानी दिल्ली में बारिश

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को कई हिस्सों में बारिश हुई। आईएमडी ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, घर से बाहर कम निकलने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के दौरान कच्चे मकान, दीवारें और झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बुधवार को 71 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है। इस समय देश के कई राज्य बारिश से प्रभावित हैं और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राहत एवं बचाव कार्य तेज किए जा रहे हैं।

हिमाचल के चंबा में फंसे हजारों श्रद्धालु

हिमाचल प्रदेश में मणिमहेश यात्रा पर निकले हजारों श्रद्धालु बारिश और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण चंबा में फंसे हुए हैं। खराब मौसम के चलते यह यात्रा सोमवार को स्थगित कर दी गई थी। स्थानीय विधायकों के अनुसार, मोबाइल संपर्क बंद होने से परिजन अपने परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। राज्य सरकार ने कहा है कि श्रद्धालुओं को निकालने के लिए राहत कार्य जारी है।

हिमाचल प्रदेश में 584 सड़कें बंद

भारी बारिश के कारण राज्य की 12 में से 10 जिलों में 584 सड़कें अवरुद्ध हैं। इनमें सबसे अधिक 259 सड़कें मंडी जिले और 167 कुल्लू जिले में बंद हैं। साथ ही, 1155 बिजली ट्रांसफार्मर और 346 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। 20 जून से अब तक राज्य में 158 लोगों की मौत हो चुकी है और 38 लोग लापता हैं। इस अवधि में अचानक बाढ़ के 90, बादल फटने के 42 और बड़े भूस्खलन के 85 मामले दर्ज हुए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार राज्य को अब तक 2,623 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

कर्नाटक और महाराष्ट्र में ऑरेंज अलर्ट

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु और तटीय जिलों दक्षिण कन्नड़, उडुपी और उत्तर कन्नड़ में बुधवार को तेज बारिश हुई। इससे कई जगह जलभराव और जाम की स्थिति बनी। आईएमडी ने 30 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। महाराष्ट्र के मध्य हिस्सों के लिए भी इसी तरह का अलर्ट जारी किया गया है।

Exit mobile version