Site icon Dainik Savera Times

देशभर में बारिश का कहर… कई राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट

Today Weather Update : उत्तर भारत, पूर्वोत्तर, दक्षिण भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को प्रभावित किया है। बीते 24 घंटे में उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है और अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है।

अगले 3 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में अगले 3 दिनों के दौरान भारी वर्षा की संभावना है। उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में आज अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है।

दक्षिण भारत में भी तेज बारिश

तमिलनाडु और केरल में अगले 5 दिनों के दौरान तेज बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु में भवानी नदी के जलस्तर में वृद्धि और बांध से पानी छोड़े जाने के कारण बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। पीडब्ल्यूडी और राजस्व विभाग ने भवानीसागर, सत्यमंगलम और गोबीचेट्टीपलयम क्षेत्रों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

पूर्वोत्तर और पूर्व भारत में भारी बारिश का अनुमान

6-11 अगस्त के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में कई स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। इसी अवधि में बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, और सिक्किम में भी भारी बारिश का अनुमान है।

बाढ़ का संकट गहराया

वही अगर मध्य प्रदेश की बात करे तो गुना और शिवपुरी समेत कई जिलों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। राहत और बचाव टीमें प्रभावित इलाकों में काम कर रही हैं।

यूपी के 21 जिले बाढ़ से प्रभावित

औरैया, वाराणसी और प्रयागराज समेत यूपी के 21 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके साथ ही, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर और बलिया में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि औरैया, कालपी, हमीरपुर, प्रयागराज और बांदा में यमुना लाल निशान से ऊपर बह रही है। इसी के अनुरूप, बेतवा नदी भी हमीरपुर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। प्रयागराज में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण गंगा और यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, जिससे जिले के 200 से अधिक गांव और शहर की लगभग 60 बस्तियां बाढ़ की चपेट में आ गई हैं।

प्रशासन ने जारी किए निर्देश

-स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-तालाबों के आसपास न जाने की अपील की है।
-NDRF की टीमें तैनात की गई हैं।
-स्कूलों को भी कई जिलों में एहतियातन बंद कर दिया गया है।

Exit mobile version