Today Weather Update : देश के कई राज्यों में बीते दो दिनों से हो रही बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। वहीं, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले 4 से 5 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार कर्नाटक, तमिलनाडु, रायलसीमा और केरल के कई इलाकों में आगामी दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद राहत, अब आसमान रहेगा साफ
राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, आज यानी बुधवार से बारिश पर ब्रेक लगने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही रहेगी लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। 9 और 10 अक्टूबर को आसमान साफ रहेगा और दिन में हल्की धूप निकल सकती है। मंगलवार को दोपहर के समय राजधानी के कई हिस्सों में अचानक घने बादल छा गए और कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। इस वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर लगभग 15 उड़ानों का रूट बदलना पड़ा और सड़कों पर जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। बारिश के बाद दिल्लीवासियों को उमस से राहत तो मिली लेकिन यातायात पर इसका असर साफ नजर आया।
ये भी पढ़े : आयोग बिहार की अंतिम मतदाता सूची से हटाए गए 3.66 लाख मतदाताओं का विवरण दे : सुप्रीम कोर्ट
उत्तर प्रदेश में खत्म होगा बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में सोमवार शाम से शुरू हुई बारिश ने मंगलवार रात तक कई जिलों में बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रखा। हालांकि, अब राज्य में मौसम साफ होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 8 अक्टूबर से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी और 12 अक्टूबर तक दिन का पारा कुछ डिग्री तक ऊपर जा सकता है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अब मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बीते दो दिनों में बारिश के कारण फसलों को थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन अब किसानों को धूप निकलने की उम्मीद है ताकि कटाई का काम सुचारू रूप से हो सके।
राजस्थान में अब रहेगा शुष्क मौसम
राजस्थान के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश दर्ज की जा रही थी। हालांकि अब मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 8 अक्टूबर से राज्य में शुष्क मौसम रहेगा। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, और अजमेर जैसे जिलों में आसमान साफ रहेगा और दिन में हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है। तापमान में हल्की बढ़ोतरी के आसार हैं लेकिन रातें सुहानी रहेंगी।
बिहार में बारिश के बाद तापमान में गिरावट
बिहार में आज कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। इसके बाद राज्य में मौसम साफ होने लगेगा और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। पटना, भागलपुर, गया और दरभंगा जैसे जिलों में बुधवार को हल्की बारिश के बाद मौसम ठंडा रहेगा। शाम के समय लोगों को हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।
ये भी पढ़े : हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 08 अक्टूबर 2025
पंजाब-हरियाणा में सुहाना हुआ मौसम
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में मंगलवार को हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। तापमान में गिरावट के साथ हवा में नमी बढ़ गई है। चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में बारिश के बाद अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। अगले दो दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार तीसरे दिन बर्फबारी दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति जिले के गोंडला में 26.5 सेमी, केलांग में 20 सेमी और कुकुम्सेरी में 5.6 मिमी बर्फबारी हुई। चंबा के पांगी क्षेत्र में भी मौसम की पहली बर्फबारी हुई है। प्रशासन ने लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को ऊंची पहाड़ियों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। उसके बाद मौसम शुष्क रहेगा।
उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के बाद अब सुधार के आसार
जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। डोडा, रामबन, किश्तवाड़, कठुआ, राजौरी और पुंछ जिलों के ऊपरी हिस्सों में बर्फ की मोटी परत जमी है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से मौसम में सुधार होगा और अगले 15 दिनों तक बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।

