Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Today Weather Update : यूपी-MP में भारी बारिश… रातें हुई ठंडी, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल

October 10, 2025

Today Weather Update : यूपी-MP में भारी बारिश… रातें हुई ठंडी, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल

Today Weather Update : देश के कई हिस्सों में अब मानसून धीरे-धीरे अलविदा कह रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 घंटों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों से विदाई ले सकता है। मानसून की वापसी के साथ ही इन राज्यों में मौसम शुष्क हो गया है और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। वहीं, देश के दक्षिण और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में अब भी बारिश की गतिविधियां जारी हैं।

कहां होगी बारिश
IMD के अनुसार, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में 10 से 14 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 10 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

केरल में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर जिलों में शुक्रवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है, जबकि शनिवार और रविवार को पलक्कड़ और मलप्पुरम में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

ये भी पढ़े : काबुल में देर रात कई धमाके और गोलीबारी, पाकिस्तान पर उठे सवाल

जहां से विदा हो रहा मानसून
मध्य भारत के कई हिस्सों में अब मानसून की वापसी के संकेत स्पष्ट हैं। गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से अगले दो-तीन दिनों में मानसून की पूरी तरह विदाई होने के आसार हैं। मध्य प्रदेश में मौसम सुहावना बना हुआ है। भोपाल में दिन का अधिकतम तापमान 30.7°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री कम है, जबकि रात का तापमान 20°C से नीचे चला गया है। इसके चलते सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस की जा रही है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में भी अब हल्की सर्दी की दस्तक हो गई है। आसमान साफ रहने से दिन में धूप तेज हो रही है, जबकि रातें ठंडी हो रही हैं।

राजस्थान में अब रहेगा शुष्क मौसम
वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अब बारिश से राहत मिलेगी। राजस्थान में आज से मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। दिन में धूप खिली रहेगी, हालांकि रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में सर्दी अक्टूबर के आखिरी सप्ताह या नवंबर की शुरुआत तक पूरी तरह से दस्तक देगी।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से गिरे तापमान
उधर, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी ने सर्दी बढ़ा दी है। हिमाचल के कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति जिलों में भारी बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है, जबकि अधिकतम तापमान में भी सात से 14 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शीतलहर के चलते लोगों ने अब गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं।

ये भी पढ़े : मोदी ने वैश्विक कंपनियों को भारत की वृद्धि यात्रा में शामिल होने का दिया न्यौता

दिल्ली-एनसीआर का हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 30°C और न्यूनतम 18°C से 21°C के बीच रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के समाप्त होने के बाद अब राजधानी में दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार तक पारा 34°C तक पहुंच सकता है। हालांकि, ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते रातें सुहानी बनी रहेंगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें