Site icon Dainik Savera Times

Today Weather Update: बारिश का कहर जारी… दिल्ली-NCR सहित इन राज्यों में बारिश, जानें कैसा रहेगा आज मौसम का हाल

Aaj ka Mausam

Aaj ka Mausam

Today Weather Update: उत्तर भारत में मानसून सक्रिय हो गया है और इसका असर कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। कहीं तेज धूप तो कहीं झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अलर्ट भी जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में धूप और बारिश 

राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी का खेल चल रहा है। सुबह और शाम के समय बारिश की बौछारें देखने को मिल रही हैं, जबकि दोपहर में तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज यानी 20 जुलाई को भी दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, बारिश की वजह से मौसम में थोड़ी ठंडक बनी हुई है।

यूपी-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश और बिहार में पिछले कुछ दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के बांदा, चित्रकूट, महोबा, उरई, जालौन, हमीरपुर, कानपुर, इटावा, औरैया, कन्नौज, मेरठ, बरेली सहित कई जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं बिहार के औरंगाबाद, गया, पटना, जमुई, रोहतास, कैमूर, किशनगंज, अररिया और चंपारण जिलों में भी भारी बारिश के आसार हैं। कुछ इलाकों में वज्रपात (ठनका) की भी संभावना जताई गई है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी हालात गंभीर

मध्य प्रदेश में बारिश की वजह से नदियां और नाले उफान पर हैं। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सागर, देवास, श्योपुर, गुना, और झाबुआ सहित कई जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

राजस्थान के कई हिस्सों में भी बीते दिनों तेज बारिश हुई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के कुछ हिस्सों में आज के बाद बारिश से राहत मिल सकती है।

हिमाचल और उत्तराखंड में रेड और येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश की वजह से भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। राज्य के कई हिस्सों में सड़कें बंद हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है, और 22 जुलाई तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है।

उत्तराखंड में स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है। नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंहनगर और पौड़ी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट, जबकि हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और चमोली में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

सावधानी और सतर्कता जरूरी

मौसम विभाग की ओर से सभी राज्यों में नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। खासकर पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को लैंडस्लाइड और बाढ़ की आशंका को देखते हुए यात्रा से बचने की हिदायत दी गई है। प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट पर है और राहत-बचाव के इंतज़ाम किए जा रहे हैं।

Exit mobile version