Site icon Dainik Savera Times

देशभर में बदला मौसम का मिजाज, उत्तर भारत में हल्की बारिश के आसार, पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट

Today's Weather 09 September 2025

Today's Weather 09 September 2025

Today’s Weather 09 September 2025 : सितंबर की शुरुआत के साथ ही देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर जहां उत्तर भारत के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश से गर्मी में कुछ राहत मिली है, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में एक बार फिर भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने विभिन्न राज्यों के लिए अलग-अलग चेतावनियां जारी की हैं।

दिल्ली-एनसीआर: बादलों की चादर तनी, बूंदाबांदी की उम्मीद
राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में आज मौसम मिश्रित रूप में रहने वाला है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की धूप व बौछारों के बीच लुकाछिपी का खेल जारी है। वहीं दूसरी ओर यमुना का जलस्तर भी खतरे के निशान के नीचे पहुंच गया है।

अधिकतम तापमान: 35 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 25 डिग्री सेल्सियस

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी, लेकिन ज्यादा बारिश की संभावना नहीं है। बुधवार से रविवार तक भी मौसम इसी तरह का बना रह सकता है।

उत्तर प्रदेश: पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, हालांकि बड़े स्तर पर कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है। दूसरी ओर, पूर्वी यूपी के जिलों- जैसे सोनभद्र, वाराणसी, आजमगढ़, बलिया और देवरिया में बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बिहार: उमस भरी गर्मी के बीच फिर लौटेगी बारिश
बिहार में बीते दिनों हुई बारिश के बाद उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि, राहत की खबर यह है कि अब मौसम फिर करवट लेने वाला है।
IMD का अनुमान है कि 13 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

पंजाब और हरियाणा: फिलहाल राहत, लेकिन बदल सकता है मिजाज
पंजाब में आने वाले दो से तीन दिन सूखे रहेंगे और तापमान सामान्य रहेगा। वहीं, हरियाणा में मौसम दिल्ली के असर में रहेगा।

उत्तराखंड: पहाड़ों में बारिश का खतरा, मैदानों में हल्की बूंदाबांदी
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में आज तेज बारिश की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पूर्वोत्तर भारत: फिर बढ़ा बारिश का कहर
पूर्वोत्तर राज्यों में एक बार फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है:

पश्चिम बंगाल और सिक्किम: 10 सितंबर तक भारी बारिश
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश: 12 से 14 सितंबर तक अत्यधिक वर्षा की संभावना
ओडिशा: 11 और 12 सितंबर को बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान

 

 

 

 

Exit mobile version