Today’s Weather 11 Jan 2026: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर सख़्ती दिखानी शुरू कर दी है। कहीं कड़ाके की ठंड और घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है तो कहीं शीतलहर और समुद्री सिस्टम का असर बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों को लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है।
उत्तर भारत से पूर्वोत्तर तक कोहरे की मार
उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले 5 से 7 दिनों तक सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 12 जनवरी तक कई इलाकों में बेहद घना कोहरा रह सकता है, जबकि 17 जनवरी तक हल्का से मध्यम कोहरा बने रहने के आसार हैं।
राजस्थान में 11 जनवरी तक घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है और 13 जनवरी तक दृश्यता प्रभावित रहने की आशंका है। उत्तर प्रदेश और बिहार में भी 17 जनवरी तक सुबह के समय विजिबिलिटी कम रहने की चेतावनी दी गई है।
ये भी पढ़ें- आज का दिन इन राशियों के लिए चिंता भरा, जानें अन्य राज्यों का हाल
पर्वतीय राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 जनवरी तक कोहरे का असर देखने को मिलेगा। वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में 13 से 15 जनवरी के बीच घने कोहरे की स्थिति बन सकती है।
राजस्थान और बिहार में कोल्ड डे की चेतावनी
राजस्थान में 11 जनवरी को दिन के समय भी ठंड का असर तेज रहने की संभावना है। बिहार में 14 जनवरी तक लगातार कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे सामान्य जनजीवन के साथ-साथ कामकाज और यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में 12 और 13 जनवरी को गंभीर शीतलहर चल सकती है, जबकि 11 से 14 जनवरी तक अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर का दौर जारी रहने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 11 जनवरी को ठंडी हवाओं का असर रहेगा। इसके अलावा ओडिशा में 11 और 12 जनवरी, उत्तराखंड, झारखंड और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है।
ये भी पढ़ें- Hukamnama 11 Jan 2026: हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी
बंगाल की खाड़ी में कमजोर पड़ा सिस्टम
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन अब कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है। यह सिस्टम उत्तर-पूर्व श्रीलंका तट के पास स्थित है। हालांकि इसकी तीव्रता कम हो रही है, लेकिन समुद्री इलाकों में अभी इसका प्रभाव बना रहेगा और हालात धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है।

