Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली से लेकर पहाड़ी राज्यों तक आफत की बारिश, पंजाब-हिमाचल-उत्तराखंड में अलर्ट जारी

August 26, 2025

दिल्ली से लेकर पहाड़ी राज्यों तक आफत की बारिश, पंजाब-हिमाचल-उत्तराखंड में अलर्ट जारी

Today’s weather 26 August 2025 : देश के कई हिस्सों में मानसून ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही बरसात ने तापमान में राहत तो दी है, लेकिन बाढ़, जलभराव और भूस्खलन जैसी आपदाओं ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।

दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश, ट्रैफिक जाम और जलभराव से परेशानी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीती रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। सुबह के समय भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है। आईटीओ, मिंटो ब्रिज, लक्ष्मी नगर, पालम और गुरुग्राम के कुछ हिस्सों में सड़कें पानी में डूब गईं हैं, जिससे ऑफिस जाने वालों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 30 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को गैर-ज़रूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। दिल्ली में यमुना का जलस्तर भी खतरे के निशान के आसपास बह रहा है।

यूपी-बिहार में आकाशीय बिजली और मूसलाधार बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। यूपी के पश्चिमी जिलों जैसे मुजफ्फरनगर, बरेली, सहारनपुर और मथुरा में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि 27 अगस्त तक बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।

वहीं बिहार के पश्चिमी जिलों में हालात और भी अधिक गंभीर हैं। किशनगंज, सिवान, पूर्णिया, कटिहार और रोहतास में भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भर गया है। राज्य सरकार ने सभी जिला अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा है और एनडीआरएफ की टीमें संभावित बाढ़ क्षेत्रों में तैनात कर दी गई हैं।

हिमाचल और उत्तराखंड में भूस्खलन की आशंका, कई सड़कें बंद
पर्वतीय राज्यों में बारिश और भूस्खलन की वजह से हालात और भी खराब हैं। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण 600 से अधिक सड़कें बाधित हैं, जिनमें चंबा, मंडी और कांगड़ा सबसे अधिक प्रभावित हैं। प्रशासन ने चंबा और मंडी जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया है। भारी बारिश से कुल्लू के कई इलाकों में पानी भर गया। यहां ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है।

उत्तराखंड में भी देहरादून, उत्तरकाशी, और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले दिनों राज्य को बादल फटने की घटनाओं के कारण बहुत नुक्सान झेलना पड़ा है।

पंजाब में भारी बारिश
पंजाब के जालंधर, पठानकोट, कपूरथला और गुरदासपुर में बीती रात से ही भारी बारिश हो रही है। राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग कि ओर से अलर्ट जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि आज पूरे राज्य में भारी बारिश पड़ सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें