Today’s Weather 26 Sept 2025: दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में मॉनसून की विदाई के साथ ही गर्मी ने एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सितंबर महीने के आखिर में जहां एक ओर पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदान तक धूप चटक रही है, वहीं पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में बारिश से थोड़ी राहत जरूर देखने को मिल रही है।
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का डबल अटैक
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बीते कुछ दिनों से तापमान में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिन यानी 26 और 27 सितंबर को मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा और सूर्य की तीखी किरणें लोगों को बेहाल करती रहेंगी। शुक्रवार यानी 28 सितंबर से बादलों की आमद हो सकती है, लेकिन इससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट की उम्मीद नहीं है।
यूपी में सितंबर बना मई-जून का एहसास
उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने यू-टर्न ले लिया है। गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने लोगों को एक बार फिर पंखों और कूलरों का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी को मौसम विभाग ने ग्रीन ज़ोन में रखा है, यानी फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। लखनऊ, नोएडा, वाराणसी जैसे शहरों में भी गर्मी का यही हाल है।
बिहार में मॉनसून की आखिरी बारिश, 19 जिलों में अलर्ट
बिहार में मॉनसून विदाई की ओर है, लेकिन जाते-जाते अच्छी बारिश कर रहा है। खासकर दक्षिण बिहार, जिसमें पटना, गया, नवादा, और औरंगाबाद जैसे जिले शामिल हैं। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी पूर्वानुमान जताया है। उत्तर बिहार में कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।
पहाड़ी राज्यों में मौसम साफ
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मॉनसून की विदाई शुरू हो चुकी है। आज राज्यभर में मौसम साफ रहेगा, और निचले इलाकों में धूप तीखी रहेगी। हालांकि 28 सितंबर को कुछ पर्वतीय क्षेत्रों जैसे पिथौरागढ़, बागेश्वर और उत्तरकाशी में हल्की बारिश हो सकती है। भारी बारिश और बाढ़ के बाद जम्मू कश्मीर और हिमाचल में अब तीखी धुप देखने को मिल रही है। अगले 1 सप्ताह तक दोनों ही राज्यों में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
हरियाणा में जल्द बदलेगा मौसम
हरियाणा में जल्द ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान यहां के तापमान में लगभग 3 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। फिलहाल यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है।
इन राज्यों में आज होगी बारिश
मौसम विभाग के ताज़ा अपडेट के अनुसार, आज इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है:
– अंडमान-निकोबार द्वीप समूह
– ओडिशा और छत्तीसगढ़
– झारखंड के कुछ हिस्से
– तेलंगाना और केरल
– तटीय कर्नाटक और आंध्र प्रदेश

