Site icon Dainik Savera Times

अभी और सताएगी उमस! दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में देर से होगी ठंड की दस्तक

Today’s Weather 27 Sept 2025 : सितंबर का अंतिम सप्ताह शुरू हो चुका है, लेकिन उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही है। राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर क्षेत्र में तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है और मॉनसून की विदाई लगभग पूरी हो चुकी है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं की जा रही है।

दिल्ली में सितंबर का सूरज उग्र
दिल्लीवासियों को सितंबर के अंतिम दिनों में भी चिलचिलाती धूप और रात की उमस से दो-चार होना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राजधानी में 29 सितंबर तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री के आसपास बना हुआ है। लगातार साफ आसमान और सूखी हवाओं के कारण रातों में भी एसी की जरूरत बनी हुई है।

यूपी-बिहार में आंशिक राहत
उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में भी गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज समेत कई बड़े शहरों में दिन में चटक धूप निकल रही है। हालांकि मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है, जिससे स्थानीय स्तर पर थोड़ी राहत मिल सकती है।

बिहार में मौसम अपेक्षाकृत अधिक परिवर्तनशील बना हुआ है। पटना, नालंदा, रोहतास, और खगड़िया जैसे जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम 28.6 डिग्री रहने का अनुमान है। हालांकि इस वर्ष मॉनसून की विदाई देरी से हो रही है, जिससे क्षेत्रीय मौसम में अस्थिरता बनी हुई है।

पहाड़ों में मौसम
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी बारिश थमने के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में आज आंशिक बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं। हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। हिमाचल में इस पूरे सप्ताह आसमान साफ रहेगा। मौसम साफ होने की वजह से राज्य के कुछ इलाकों में उमस देखने को मिल रही है। जम्मू-कश्मीर में मौसम सुहावना बना हुआ है। मॉनसून खत्म होने के बाद से यहां अच्छी धूप देखने को मिल रही है।

हरियाणा में मौसम
मौसम विभाग की ओर से हरियाणा में आने वाले दिनों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे। इससे पहले यहां उमस लोगों को परेशान करेगी। जिसके बाद हल्की बारिश से लोगों को उमस से छुटकारा मिलेगा।

ठंड की शुरुआत में देरी तय!
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मॉनसून की देर से विदाई और वर्तमान तापमान को देखते हुए ठंड की शुरुआत इस बार थोड़ी देरी से हो सकती है। उत्तर भारत में सामान्यतः अक्टूबर के पहले सप्ताह में सुबह-शाम की ठंडक महसूस होनी शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार इसके मिड अक्टूबर तक खिसकने की संभावना है।

Exit mobile version