Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

तमिलनाडु में कावरपेट्टई स्टेशन पर ट्रैक बहाल, पहली ट्रेन चली

October 13, 2024

तमिलनाडु में कावरपेट्टई स्टेशन पर ट्रैक बहाल, पहली ट्रेन चली

चेन्नई। तमिलनाडु में कावराईपेट्टई रेलवे स्टेशन पर मुख्य लाइन यातायात रिकॉर्ड समय में बहाल कर दिया गया और इस सेक्शन में पहली ट्रेन का परिचालन भी किया गया। गौरतलब है कि मैसूरु-दरभंगा बागमती एक्सप्रेस और कावराईपेट्टई में एक मालगाड़ी के बीच शुक्रवार रात हुई हुयी टक्कर के बाद यह रेल मार्ग बाधित हो गया था। दक्षिणी रेलवे की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि डाउन लाइन को रविवार को सुबह 07.00 बजे ट्रैक फिट किया गया और 08.00 बजे ओवर हेड उपकरण कार्य और 08.30 बजे सिग्नलिंग पुन: कनेक्शन कार्य पूरा होने के बाद पहली ट्रेन का परिचालन किया गया। ट्रेन संख्या 12842 डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल – शालीमार कोरोमंडल एक्सप्रेस इस मार्ग पर यातायात शुरू होने के बाद चलने वाली पहली ट्रेन बनी और आज सुबह 09.08 बजे कावराईपेट्टई दुर्घटना स्थल से गुजरी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस प्रकार दुर्घटना के बाद रिकॉर्ड समय में सेक्शन में मुख्य लाइन पर ट्रेन यातायात बहाल हो गया है।

इस बीच, उपनगरीय लाइनों पर मरम्मत का काम अभी भी जारी है। चेन्नई सेंट्रल उपनगरीय रेलवे स्टेशन से मिंजुर तक और वापस तथा दूसरे छोर पर सुलुरुपेटा से गुम्मिडिपुंडी तक (विशेष) उपनगरीय सेवाएं कल की तरह समय-समय पर संचालित की जाएंगी। यह व्यवस्था अगली सूचना आने तक जारी रहेगी।

दक्षिणी रेलवे ने शनिवार शाम को कहा था कि कावराईपेट्टई रेलवे स्टेशन पर लूप लाइन पर टक्कर में पटरी से उतरे कोच और वैगनों को पटरियों से हटा दिया गया है। कावराईपेट्टई दुर्घटना स्थल पर मरम्मत कार्यों के बारे में एक अद्यतन रिपोर्ट में रेलवे ने कहा कि कावराईपेट्टई स्टेशन पर अप लाइन को पटरी से उतरे कोचों से साफ कर दिया गया है। इंजीनियरिंग ट्रैक और ओएचई कार्य शुरू हो गए हैं। कावराईपेट्टई में मरम्मत का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है, अब अप लाइन से पटरी से उतरे कोच और वैगन साफ हो गए हैं।

मैसूर-दरभंगा बागमती एक्सप्रेस के 09 एसी कोच और एक पावर कार सहित कुल 10 कोचों और मालगाड़ी के दो वैगनों को क्रेनों का उपयोग करके हटा दिया गया है। पटरी से उतरे रोलिंग स्टॉक को हटाने के साथ ही इंजीनियरिंग ट्रैक की बहाली और ओएचई कार्य शुरू हो गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें