नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। विजयपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिसमें सवार चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 26 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे। इनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। ये सभी लोग वीरपुर थाना क्षेत्र के घूघस गांव से विजयपुर के पार्वती बड़ौदा गांव भात देने के लिए जा रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार और अधिक भार के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली पलट गई।
ये भी पढ़ें: हरिवंश नारायण सिंह निर्विरोध बने राज्यसभा के उपसभापति, PM मोदी ने दी बधाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत विजयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को ग्वालियर और जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद परिवारों में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रॉली में अधिक सवारियां होने और वाहन के असंतुलित होने के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक से भी पूछताछ की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे मालवाहक वाहनों में यात्रा न करें, क्योंकि इससे इस तरह के गंभीर हादसों का खतरा बढ़ जाता है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न करने के खतरनाक परिणामों को दिखाती है।
ये भी पढ़ें: Gold-Silver Price: सोना-चांदी हुआ सस्ता या महंगा? जानें आज आपके शहर के Latest Rate

