Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के कारण पांच दिन यातायात रहेगा बाधित

January 16, 2025

दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के कारण पांच दिन यातायात रहेगा बाधित

Traffic Advisory in Delhi : दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड से पहले कर्तव्य पथ पर रिहर्सल 17 जनवरी से शुरू हो रही है। इस दौरान आम लोगों को कोई परेशानी न हो इसलिए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है। इस व्यवस्था के तहत, यातायात के लिए कुछ मार्गों पर प्रतिबंध और बदलाव किए गए हैं ताकि रिहर्सल के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

दिल्ली पुलिस द्वारा जारी की गई एडवाइजरी में बताया गया है कि गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के दौरान विशेष यातायात व्यवस्था 17, 18, 20 और 21 जनवरी को लागू रहेगी। कर्तव्यपथ-रफी मार्ग क्रॉसिंग, कर्तव्यपथ-जनपथ क्रॉसिंग, कर्तव्यपथ-मानसिंह रोड क्रॉसिंग और कर्तव्यपथ-सी-हेक्सागन पर सुबह 10:15 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक यातायात बंद रहेगा।

उत्तर दिल्ली से दक्षिण दिल्ली जाने वाले लोग रिंग रोड, सराय काले खां, आईपी फ्लाईओवर, राजघाट, लाजपत राय मार्ग, मथुरा रोड, भैरों रोड, रिंग रोड, अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अत्तातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग से जा सकते हैं। पूर्व से दक्षिण-पश्चिम दिल्ली की ओर जाने वाले लोग रिंग रोड से वंदे मातरम रूट का उपयोग कर सकते हैं।

एडवाइजरी के मुताबिक विनय मार्ग, शांति पथ पर आने वाले या नई दिल्ली और उससे आगे जाने वाले वाहन चालकों को सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, आरएमएल गोल चक्कर, बाबा खड़क सिंह मार्ग या पार्क स्ट्रीट-मंदिर मार्ग से होते हुए उत्तरी दिल्ली या नई दिल्ली की ओर जाना होगा। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इन रूट का पालन करें और यातायात प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें