Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

625 पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में जलेगा देश का सबसे बड़ा रावण, बदले रूट

October 20, 2026

625 पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में जलेगा देश का सबसे बड़ा रावण, बदले रूट

Traffic Diversions from 2 PM to 8 PM : पंचकूला। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंध किए हैं। शहर में 625 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि शालीमार ग्राउंड के आसपास सात विशेष नाके लगाए गए हैं।

दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक कुछ मार्गों पर यातायात में बदलाव रहेगा। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशों पर शहरभर में पुलिस बल की तैनाती, विशेष नाकाबंदी, गश्त और यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दशहरा उत्सव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग ने पूरी तरह सतर्क रहने का दावा किया है। डीसीपी ने किया दशहरा ग्राउंड का निरीक्षण: डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने आज सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि दशहरा पर्व के दौरान पंचकूला में कुल 625 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

इसके अलावा चार एसीपी स्तर के अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शालीमार ग्राउंड के आसपास 7 विशेष नाके स्थापित किए गए हैं। जबकि दशहरा ग्राउंड, प्रवेश एवं निकास मार्गों, होटलों, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पीसीआर और बाइक राइडर टीमें रहेंगी सक्रिय: डीसीपी ने बताया कि दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। पीसीआर और बाइक राइडर टीमें दशहरा ग्राउंड और आसपास के क्षेत्रों में निरंतर गश्त करेंगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

इसके अतिरिक्त सेक्टर-14, 15, 16 और 19, रायपुररानी, चंडीमंदिर थाना क्षेत्र, पिंजौर और कालका में आयोजित होने वाले दशहरा उत्सवों को ध्यान में रखते हुए भी विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। ट्रैफिक एडवाइजरी जारी और पार्किंग चिन्हित: दशहरा पर्व के दौरान शालीमार ग्राउंड में आने वाले लोगों की सुविधा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पंचकूला पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन सेक्टर-5, 8 और 9 स्थित शोरूम की पार्किंग और धरनास्थल पर निर्धारित पार्किंग स्थानों में ही खड़े करें।

दोपहर 2 से रात 8 बजे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव: जारी की गई ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार दशहरा पर्व के दौरान दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक सेक्टर-5 नाइट फूड मार्केट से शालीमार ग्राउंड के साथ लगते कैक्टस गार्डन तक का मार्ग एकतरफा रहेगा। इसके अलावा शालीमार चौक से सेक्टर-8/9 की ट्रैफिक लाइटों की ओर जाने वाली स्लिप रोड बंद रहेगी। ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे इन मार्गों का इस्तेमाल करने से बचें और अपने गंतव्य स्थल तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।

पास धारक और आमजन यहां से जाएं: पुलिस ने बताया कि शालीमार ग्राउंड में प्रवेश के लिए होटल द कोव के सामने वाले गेट से पासधारकों को प्रवेश दिया जाएगा। जबकि अन्य गेट आमजन के लिए खुले रहेंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे प्रवेश संबंधी व्यवस्था का ध्यान रखें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। पंचकूला पुलिस ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे शालीमार ग्राउंड के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन लेकर ना जाएं, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग कर यातायात नियमों का पालन करें। कहा गया कि आमजन के सहयोग से दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ सभी के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल सुनिश्चित किया जा सकेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें