Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर रिकॉर्ड समय में यातायात किया गया बहाल

March 16, 2023

श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर रिकॉर्ड समय में यातायात किया गया बहाल

जोजिला दर्रा : रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 434 किलोमीटर लंबा श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग इस साल जनवरी में भारी हिमपात के बाद बंद होने के 68 दिनों के रिकॉर्ड समय में बृहस्पतिवार को वाहनों की आवाजाही के लिए फिर से खोल दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वाहनों की आवाजाही का सफल परीक्षण किया गया है।

सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राजीव चौधरी द्वारा 11,650 फुट की ऊंचाई पर स्थित जोजिला दर्रे पर राजमार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया। जोजिला एक रणनीतिक दर्रा है जो कश्मीर घाटी और लद्दाख के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है और यह सशस्त्र बलों की परिचालन तैयारियों के लिए भी अहम है। भारी बर्फबारी के कारण यह करीब छह महीने तक बंद रहता था।

हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में, बीआरओ इस पर कम समय में फिर से यातायात बहाल करना सुनिश्चित कर रहा है। इस साल, इसे 68 दिनों के रिकॉर्ड समय में साफ कर दिया गया। पत्रकारों से बात करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल चौधरी ने कहा कि दर्रे को खोलने का सामरिक दृष्टि से और सामाजिक-आर्थिक दृष्टिकोण से बहुत महत्व है। उन्होंने कहा, ‘‘लद्दाख के लोगों का संपर्क लगभग पांच-छह महीने तक के लिए टूट जाता था, लेकिन बीआरओ इस मार्ग को सामान्य समय से पहले खोल रहा है, जिससे लोग अपनी जरूरतों, चिकित्सा आपात स्थिति के अलावा व्यापारिक गतिविधियों के लिए आसानी से श्रीनगर जा सकते हैं।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें